दुर्ग में गैंगस्टर तपन सरकार के घर पुलिस की रेड, हत्या, अवैध वसूली मामले में फरार.. 1 साल पहले हुआ था रिहा

क्षेत्रीय

छत्तीसगढ़ : दुर्ग में तपन सरकार के घर पुलिस ने रेड मारी है। आपको बता दें, तपन सरकार हत्या के आरोप में एक साल पहले ही जेल से रिहा हुआ है। तपन सरकार के दुर्ग स्थित घर पर सोमवार शाम पुलिस ने रेड मारा। परन्तु पुलिस के पहुंचने से पहले ही उसे इसकी जानकारी मिल गई थी और वो अपने घर से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार दुर्ग पुलिस खुर्सीपार में हुई हत्या और अवैध वसूली के मामले में तपन को तलाश रही है।

दरहसल दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना इलाके में कुछ दिन पहले सेवक निषाद ने शुभम राजपूत की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी सेवक निषाद को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में सेवक निषाद ने बताया कि शुभम राजपूत तपन सरकार के लिए काम करता था और उसके नाम पर अवैध वसूली करता था। होली के दिन वह उससे वसूली करने पहुंचा था। इससे दोनों के बीच विवाद हुआ और उसने उसकी हत्या कर दी। दुर्ग पुलिस का कहना है कि शुभम राजपूत की हत्या में तपन सरकार की संलिप्तता दिख रही है। इसीलिए पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए खोज रही है। इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस ने सोमवार को तपन सरकार के दुर्ग स्थित घर पर छापा मारा। लेकिन छापेमारी से पहले ही वो वहां से फरार हो गया। पुलिस उसे पकड़ने के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

दुर्ग ASP अभिषेक झा ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना खुर्सीपार क्षेत्र में कुछ दिनों पहले हत्या हुई थी। उस मामले में विवेचना के दौरान पता चला कि इसमें तपन सरकार की भूमिका है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली की तपन अपने घर आता जाता है। इसी को लेकर पुलिस की टीम ने उसके घर में रेड की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान घर की तलाशी ली गई। तपन सरकार अभी भी फरार है। आगे इसी तरह कार्रवाई होती रहेगी।

11 फरवरी 2005 को भिलाई में एक गैंगवार हुई थी। इसमें तपन सरकार ने सुपेला में रहने वाले गैंगस्टर महादेव महार की अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। मामले में कुछ महीने बाद पुलिस ने एक आरोपी गोविंद विश्वकर्मा को एनकाउंटर में मार गिराया था। इसके बाद एक-एक करके सभी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इसी मामले में 17 साल सजा काटने के बाद तपन अगस्त 2022 को जेल से जमानत पर रिहा हुआ था।