रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी… अब 10 घंटे पहले ही देख पाएंगे अपने वेटिंग-RAC टिकट का स्टेटस

ट्रेन से सफर करने वालों के लिए एक अच्छी खबर है. अब ट्रेन टिकट का रिजर्वेशन स्टेटस 10 घंटे पहले ही पता चल जाएगा. रेलवे बोर्ड ने पहली बार चार्ट तैयार करने के समय में बदलाव किया है. सुबह 5.00 बजे से दोपहर 2.00 बजे के बीच रवाना होने वाली ट्रेनों का पहला रिजर्वेशन चार्ट पिछले दिन रात 8.00 बजे तक तैयार कर लिया जाएगा. वहीं, दोपहर 2.01 बजे से रात 11.59 बजे तक और रात 12.00 बजे से सुबह 5.00 बजे तक रवाना होने वाली ट्रेनों के लिए पहला रिजर्वेशन चार्ट ट्रेन के प्रस्थान से 10 घंटे पहले तैयार किया जाएगा. इससे पहले रिजर्वेशन चार्ट केवल 4 घंटे पहले तैयार किया जाता था, जिससे आखिरी समय में यात्रियों को काफी परेशानी और भ्रम का सामना करना पड़ता था

रेलवे ने यात्रियों को उनकी यात्रा और रिजर्वेशन की स्थिति के बारे में पहले से जानकारी देने और खासकर दूर-दराज से आने वाले यात्रियों की चिंता कम करने के लिए पहली बार रिजर्वेशन चार्ट तैयार करने के समय में बदलाव किया है. रेल मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा, ‘यात्रियों की सुविधा के लिए चार्ट पहले तैयार किया जाएगा ताकि वे अपनी यात्रा की योजना आसानी से बना सकें.’ इस संबंध में सभी जोनल रेलवे डिवीजनों को जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं.

अब तक रेलवे में रिजर्वेशन चार्ट तैयार करने का नियम यह था कि ट्रेन के प्रस्थान से करीब 4 घंटे पहले पहला रिजर्वेशन चार्ट तैयार किया जाता था. इसका मतलब यह होता था कि वेटिंग लिस्ट या आरएसी में चल रहे यात्रियों को कन्फर्म सीट मिली है या नहीं, इसकी जानकारी बहुत आखिरी समय में मिलती थी. इस पुराने सिस्टम की वजह से खासकर दूर-दराज से स्टेशन आने वाले यात्रियों को काफी परेशानी होती थी. कई बार यात्री चार्ट बनने से पहले ही स्टेशन पहुंच जाते थे और बाद में पता चलता था कि उनका टिकट कन्फर्म नहीं हुआ है. इससेसिर्फ समय और पैसे की बर्बादी होती थी, बल्कि यात्रा को लेकर असमंजस और तनाव भी बढ़ जाता था. रेलवे को लंबे समय से यात्रियों की ओर से शिकायतें मिल रही थीं कि चार्ट देर से बनने के कारण यात्रा की सही योजना नहीं बन पाती, इसी वजह से अब चार्ट प्रिपरेशन के समय में बदलाव किया गया है.