पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे रेल मंत्री, इन राज्यों के यात्रियों को भी मिलेगा लाभ

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बुधवार, 17 जून को पुणे के हड़पसर रेलवे स्टेशन से पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. यह महाराष्ट्र की 8वीं और पुणे डिवीजन की दूसरी अमृत भारत ट्रेन होगी, जो यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाएगी. रेल मंत्रालय के मुताबिक, नई अमृत भारत एक्सप्रेस महाराष्ट्र को झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार से सीधा सस्ता और सुविधाजनक कनेक्टिविटी प्रदान करेगी. इस ट्रेन की शुरुआत से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र, नौकरी करने वाले युवाओं, प्रवासी मजदूरों, पुणे के सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों में इलाज कराने वाले मरीज और पटना के मेडिकल सेंटर्स जाने वाले यात्रियों को लाभ होगा.

ट्रेन छोटे व्यापारियों के लिए भी उपयोगी साबित होगी और छठ पूजा, होली, दिवाली जैसी त्योहारों पर परिवारों को एक-दूसरे से मिलने का नियमित और किफायती विकल्प देगी.

ट्रेन संख्या 11431 पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस हर शनिवार को पुणे से दोपहर 3:30 बजे रवाना होगी और सोमवार की सुबह 1:30 बजे बिहार के दानापुर पहुंचेगी.

ट्रेन संख्या 11432 दानापुर-पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस हर सोमवार को दानापुर से सुबह 3:30 बजे रवाना होगी और मंगलवार को सुबह 11:05 बजे पुणे पहुंचेगी.

ये होंगे स्टॉपेज

ट्रेन अहिल्यानगर, बेलापुर, कोपरगांव, मनमाड, भुसावल, खांडवा, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी, मैहर, सतना, मणिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुकेगी.

बता दें कि अमृत भारत ट्रेनें प्रधानमंत्री मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के विजन को साकार करने वाली पहल का हिस्सा हैं. इन ट्रेनों में आधुनिक सुविधाएं, बेहतर सीटिंग व्यवस्था, बेहतर शौचालय और पर्याप्त सामान रखने की जगह उपलब्ध है, जिससे लंबी दूरी का सफर अधिक आरामदायक और किफायती हो गया है.

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस नई ट्रेन की शुरुआत से पुणे और बिहार-झारखंड के बीच यातायात में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है. खासकर त्योहारों और परीक्षा के मौसम में सीट उपलब्धता की समस्या भी काफी हद तक कम हो जाएगी.

यह ट्रेन आम नागरिकों को सस्ती दरों में तेज और आरामदायक यात्रा का नया विकल्प मुहैया कराएगी. साथ ही महाराष्ट्र और पूर्वी भारत के बीच एक नया कनेक्शन स्थापित हो जाएगा.