रेलवे ने दशहरा-दिवाली पर यात्रियों को दी राहत! ट्रेन के ट्रिप बढ़े, एक्स्ट्रा कोच भी जुड़ेगा

रेल यात्रियों के लिए फेस्टिवल सीजन से पहले एक काम की खबर है. दशहरा और दीपावली के दौरान घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए रेलवे ने एक और ट्रैवल ऑप्शन बढ़ाया है. महाराष्ट्र से कोटा होते हुए उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को राहत देने के लिए मुंबई सेंट्रल-कानपुर अनवरगंज स्पेशल ट्रेन के 13-13 अतिरिक्त ट्रिप चलाने का फैसला किया गया है.

इसके अलावा कोटा मंडल की सोगरिया-दानापुर एक्सप्रेस में भी स्लीपर क्लास का एक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा. फेस्टिवल सीजन में महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश जाने वाली ट्रेनों में कन्फर्म बर्थ की डिमांड बढ़ जाती है. यात्रियों की इसी परेशानी को देखते हुए गाड़ी संख्या 09185 मुंबई सेंट्रल-कानपुर अनवरगंज स्पेशल ट्रेन के अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं. यह ट्रेन हर रविवार को चलेगी. इसके अतिरिक्त ट्रिप 13, 20 और 27 सितंबर, 4, 11, 18 और 25 अक्टूबर तथा 1, 8, 15, 22 और 29 नवंबर को होंगे.

वापसी में गाड़ी संख्या 09186 कानपुर अनवरगंज-मुंबई सेंट्रल स्पेशल ट्रेन हर सोमवार को चलेगी. इसके अतिरिक्त ट्रिप 14, 21 और 28 सितंबर, 12, 19 और 26 अक्टूबर तथा 2, 9, 16, 23 और 30 नवंबर को होंगे. इस तरह मुंबई से कानपुर और कानपुर से मुंबई, दोनों दिशाओं में 13-13 अतिरिक्त ट्रिप मिलेंगे. इससे दशहरा और दीपावली के दौरान यात्रियों को ट्रेन में कन्फर्म सीट पाने का एक और ऑप्शन मिलेगा.

कोटा रेल मंडल के सोगरिया स्टेशन से चलने वाली सोगरिया-दानापुर एक्सप्रेस में भी यात्रियों की सुविधा के लिए स्लीपर क्लास का एक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा. गाड़ी संख्या 19801 सोगरिया-दानापुर एक्सप्रेस में यह अतिरिक्त कोच 2 नवंबर से लगेगा. वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 19802 दानापुर-सोगरिया एक्सप्रेस में 3 नवंबर से अतिरिक्त स्लीपर कोच की सुविधा मिलेगी.

अतिरिक्त कोच लगने के बाद सोगरिया-दानापुर एक्सप्रेस में कुल 22 कोच हो जाएंगे. इनमें 2 सेकंड एसी, 2 थर्ड एसी, 6 थर्ड एसी इकोनॉमी, 6 स्लीपर, 4 जनरल क्लास, एक जनरेटर कार और एक एसएलआरडी कोच शामिल होंगे. यह ट्रेन सोगरिया से चलकर बारां, रुठियाई, गुना, सागर, दमोह, कटनी, मुडवारा, मैहर और सतना होते हुए दानापुर पहुंचेगी.

रेलवे के इस फैसले से खास तौर पर उन यात्रियों को फायदा होगा, जो महाराष्ट्र से कोटा होते हुए उत्तर प्रदेश की तरफ सफर करते हैं. अतिरिक्त ट्रिप बढ़ने से फेस्टिवल सीजन में बढ़ने वाली पैसेंजर डिमांड को संभालने में मदद मिलेगी और यात्रियों के पास टिकट बुक करने के लिए एक और ऑप्शन होगा. अगर आप मुंबई-कानपुर रूट पर सफर करने वाले हैं, तो सितंबर से नवंबर के बीच की इन अतिरिक्त ट्रिप की तारीखों को ध्यान में रखकर टिकट प्लान कर सकते हैं.