रेलवे का गजब मामला! टिकट पर सीट 54, लेकिन कोच में सिर्फ 52 बर्थ
वाराणसी सिटी से गोरखपुर जा रही ट्रेन में एक यात्री के साथ ऐसा मामला सामने आया, जिसने रेलवे के टिकट सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए. यात्री के पास A1/54 की कंफर्म सीट थी, लेकिन जब वह ट्रेन में पहुंचा तो कोच में सिर्फ 52 बर्थ थीं. यानी टिकट पर मिली 54 नंबर की बर्थ कोच में थी ही नहीं. X यूजर ईशान बाजपेयी ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया. वीडियो में वह ट्रेन के कोच में अपनी सीट तलाशते हुए नजर आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि उनके टिकट पर A1/54 बर्थ कंफर्म थी, लेकिन कोच में 52 बर्थ तक ही नंबर थे.
ईशान के मुताबिक, यह परेशानी रात करीब 10:45 बजे हुई. रात की यात्रा के दौरान सीट नहीं मिलने से उनकी परेशानी और बढ़ गई. उन्होंने इस मामले की शिकायत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर भी की.ईशान ने अपने टिकट का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया, जिसमें उनकी कंफर्म बर्थ A1/54 दिखाई दे रही थी.
Travelling on Train 15132 tonight. My ticket confirms A1/54, but the coach has only 52 berths. Being left without your confirmed seat at 10:45 PM, on an overnight journey, is extremely frustrating. Complaint raised on 139. How can this happen? @RailwaySeva @RailMinIndia https://t.co/jSQty1K5PK
— Ishan Bajpai (@IshanBajpai09) November 22, 2026
मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद रेलवे सेवा ने उनकी पोस्ट का जवाब दिया. रेलवे की ओर से बताया गया कि मामले को संबंधित अधिकारी के पास जरूरी कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है.
इस घटना पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं. कुछ लोगों ने मजाक करते हुए कहा कि रेलवे ने कोच की क्षमता से ज्यादा बर्थ ही अलॉट कर दीं. वहीं, कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि टिकट बुकिंग सिस्टम ने ऐसी सीट कैसे अलॉट कर दी, जो कोच में मौजूद ही नहीं थी.
एक यूजर ने अपना अलग अनुभव साझा करते हुए बताया कि उसकी 2AC की बुकिंग अपने आप 3AC में बदल गई थी.
यह मामला अब रेलवे के सीट अलॉटमेंट सिस्टम पर सवाल खड़े कर रहा है कि आखिर ऐसी सीट किसी यात्री को कंफर्म कैसे हो गई, जो संबंधित कोच में मौजूद ही नहीं थी.
