MP-यूपी और राजस्थान में बारिश के साथ ओले गिरे, उत्तराखंड में बर्फबारी, 8 जिलों में स्कूल बंद

देश के उत्तर-पश्चिमी राज्यों, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों में स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है। इसके कारण मंगलवार से बारिश का दौर शुरू हो गया है। यूपी, राजस्थान, मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ ओले भी गिरे। राजस्थान में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। MP के ग्वालियर-शिवपुरी में 8वीं तक के स्कूलों में छुट्‌टी कर दी गई है। यूपी में भीषण सर्दी और बरसात के कारण संभल में 8वीं तक और सिद्धार्थनगर में 12वीं तक के स्कूल आज बंद हैं। राज्य के 29 जिलों में आज भी ओले और बारिश का अलर्ट है। उत्तराखंड के कई जिलों में बुधवार को लगातार दूसरे दिन बर्फबारी हो रही है। चकराता और औली में सड़कों पर 2 फीट तक बर्फ जम गई है। खराब मौसम को देखते हुए 8 जिलों में 12 कक्षा तक स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।

वहीं, जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग में मंगलवार रात एवलांच आया। इससे कई होटल बर्फ में दब गए। घटना CCTV में कैद हुई। इसमें दिखा कि होटलों के पीछे से अचानक बर्फ का सैलाब आया और बिल्डिंग्स बर्फ में दब गईं। बचाव टीमों को घटनास्थल पर भेजा गया है। अभी तक किसी के हताहत की खबर नहीं है।