बिहार समेत 22 राज्यों में आज बारिश का अनुमान, MP में 2 दिन बाद मानसून पहुंचेगा

राष्ट्रीय

मौसम विभाग ने सोमवार को 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। इधर बिहार, झारखंड, ओडिशा, गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि मध्य प्रदेश में प्री मानसून एक्टिविटी के चलते अगले 5 दिन बारिश का दौर रहेगा। भोपाल में सोमवार सुबह तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। यहां 19-20 जून तक मानसून पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश के दौर के बावजूद मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक तापमान में गिरावट नहीं होगी, लेकिन उसके बाद टेम्परेचर 2-3 डिग्री नीचे आ सकता है। रविवार को भी देश के कई राज्यों में बारिश हुई। गुजरात के द्वारका में सबसे ज्यादा 23 CM बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा IMD ने कहा कि नॉर्थ के दो राज्यों असम और मेघालय में सोमवार को 204 मिमी तक बारिश हो सकती है। नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों हफ्ते भर से तेज बारिश का दौर चल ही रहा है। सिक्किम के कुछ जिलों सहित कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन चुके हैं। अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 204 मिमी बारिश दर्ज हो सकती है।