यात्री संतुष्टि में रायपुर एयरपोर्ट का जलवा, ACI-ASQ रैंकिंग में देश में दूसरा
छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की खबर है। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर ने यात्री सेवा गुणवत्ता के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल यानी ACI के प्रतिष्ठित एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (ASQ) सर्वेक्षण की वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में रायपुर एयरपोर्ट ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के हवाई अड्डों में दूसरा स्थान हासिल किया है. वैश्विक स्तर पर रायपुर एयरपोर्ट को 66वीं रैंक मिली है. यह उपलब्धि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और उत्कृष्ट सेवा देने की निरंतर प्रतिबद्धता का परिणाम मानी जा रही है.
स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर को ACI-ASQ सर्वेक्षण में 4.93 ASQ रेटिंग प्राप्त हुई है. यह रेटिंग भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के सभी हवाई अड्डों के 4.88 के औसत स्कोर से अधिक है. इस प्रदर्शन के आधार पर रायपुर एयरपोर्ट ने देशभर के एएआई हवाई अड्डों में दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि विश्व स्तर पर इसे 66वीं रैंक प्राप्त हुई.
इस सर्वेक्षण में पुणे एयरपोर्ट ने 4.97 ASQ रेटिंग के साथ भारत में पहला स्थान और विश्व स्तर पर 57वीं रैंक प्राप्त की. इसके बाद रायपुर एयरपोर्ट दूसरे स्थान पर रहा. वहीं, रायपुर के बाद पटना, वाराणसी, देहरादून, कोलकाता, भुवनेश्वर, गोवा और इंदौर एयरपोर्ट का स्थान रहा.
एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी यानी ASQ कार्यक्रम, एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल (ACI) द्वारा संचालित दुनिया का सबसे प्रतिष्ठित यात्री संतुष्टि मूल्यांकन कार्यक्रम माना जाता है. इस सर्वेक्षण में यात्रियों से सीधे फीडबैक लिया जाता है और उसी के आधार पर एयरपोर्ट की सेवाओं का मूल्यांकन किया जाता है.
किन मानकों पर होती है रैंकिंग?
एयरपोर्ट की स्वच्छता
सुरक्षा व्यवस्था
चेक-इन प्रक्रिया की सुविधा
प्रतीक्षा समय
कर्मचारियों का व्यवहार
यात्री सुविधाएं
संकेतक एवं दिशा-निर्देश व्यवस्था
समग्र यात्रा अनुभव
रायपुर एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार यह सफलता किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि एयरपोर्ट से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है. इस उपलब्धि में एयरलाइंस, सीआईएसएफ, ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों तथा अन्य सहयोगी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिन्होंने यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार समन्वय के साथ काम किया.
इस उपलब्धि पर एयरपोर्ट प्रबंधन ने सभी यात्रियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया. प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी रायपुर एयरपोर्ट विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने और यात्रियों को उत्कृष्ट यात्रा अनुभव देने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा. साथ ही आगामी ACI-ASQ सर्वेक्षणों में और बेहतर प्रदर्शन करने का लक्ष्य लेकर कार्य किया जाएगा.
रायपुर एयरपोर्ट की यह उपलब्धि न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है. भारत में दूसरा और विश्व स्तर पर 66वां स्थान हासिल करना इस बात का प्रमाण है कि रायपुर एयरपोर्ट तेजी से विश्वस्तरीय सेवा मानकों की ओर बढ़ रहा है. यदि इसी तरह यात्री सुविधाओं और सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार जारी रहा, तो आने वाले वर्षों में रायपुर एयरपोर्ट वैश्विक रैंकिंग में और ऊंचा स्थान हासिल कर सकता है.
