रायपुर : BJP 9 मार्च को करेगी किसान सम्मेलन का आयोजन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे शामिल

क्षेत्रीय

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में जीत के बाद BJP अब लोकसभा की सभी 11 सीटों पर जीत दर्ज करने की तैयारी में जोर-शोर से जुटी हुई है। इस बीच भाजपा लोकसभा चुनाव से पहले यानी 9 मार्च को छत्तीसगढ़ में बड़ा किसान सम्मेलन करने जा रही है, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे। साथ ही सभा को संबोधित करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ इस सभा के जरिए राजधानी में भाजपा की चुनावी अभियान का आगाज करेंगे। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक भी रायपुर में होगी। यह बैठक 8 मार्च को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में होगी।

बैठक में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी शिरकत करेंगे। 9 मार्च को साइंस कॉलेज मैदान में किसान महासम्मेलन होगा।किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष तोखन साहू ने एकात्म परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसान महासम्मेलन में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर समेत राष्ट्रीय पदाधिकारियों का संबोधन होगा। राज्य के सभी किसान भाइयों को इस सभा के लिए आमंत्रित किया है। भाजपा लोकसभा से पहले रायपुर में किसानों की बड़ी सभा करने जा रही है।