रायपुर : बच्चे को गोद में लिए बुजुर्ग पर सांड का हमला,VIDEO: दौड़ा-दौड़ाकर मारा सिंग
रायपुर के डीडी नगर इलाके में मंगलवार को एक आक्रामक सांड ने सड़क पर जा रहे करीब 15 लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों में पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कल्पना पटेल भी शामिल बताई जा रही हैं, जिन्हें इलाज के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सांड के हमले का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में सांड घर के बाहर बच्चे को गोद में लिए खड़े एक बुजुर्ग पर अचानक हमला करता दिखाई दे रहा है। सांड बुजुर्ग को दौड़ा-दौड़ाकर मारता नजर आ रहा है। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद टीम ने सांड को ट्रैंक्विलाइजर डार्ट की मदद से बेहोश कर काबू में लिया। गौ सेवकों के मुताबिक, करीब दो महीने पहले इस सांड को एक कुत्ते ने काट लिया था। उनका दावा है कि इसी वजह से सांड में रेबीज संक्रमण की आशंका है और वह आक्रामक हो गया। हालांकि, सांड को रेबीज होने की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
समय जब ख़राब आता हैं ,तो वह बताकर नहीं आता बस भागते हुए आता है ,और घुस जाता हैं….सांड ने इस आदमी को लपेट दिया । 😳🐂🐂
#news https://t.co/QlLhR082g3— Ankit Kaushik {पत्रकार} (@Ankitjournali) October 7, 2026
घटना को लेकर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भी चिंता जताई है। उन्होंने शहर में इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लेने और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की बात कही है। फिलहाल घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, वन विभाग की टीम सांड को सुरक्षित तरीके से काबू में लेने के बाद आगे की कार्रवाई में जुटी है।
