रायपुर में कारोबारी से 5 लाख की धोखाधड़ी, चांदी के नकली सिक्के देकर कैश-गोल्ड ले गए
रायपुर में कारोबारी से 5 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई है। शातिर ठगों ने असली चांदी के सिक्कों का झांसा देकर व्यापारी से पैसे ऐंठ लिए और बदले में नकली सिक्कों की पोटली थमा दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस जांच में जुट गई है। मामला न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक कारोबारी का नाम मुरली केसरवानी है, जो अमलीडीह के रहने वाले हैं। पुलिस की मुताबिक, आरोपियों ने उनसे संपर्क कर अपने पास बड़ी मात्रा में पुराने चांदी के सिक्के होने का दावा किया था। मुख्य आरोपी अमर कुमार और उसके साथियों ने मुरली को भरोसे में लेने के लिए शुरुआत में कुछ असली सिक्के दिखाए। इसके बाद बाजार भाव से कम कीमत पर चांदी देने का लालच देकर सौदा तय कर लिया।
ठगों की बातों में आकर मुरली केसरवानी ने सौदा मंजूर कर लिया। तय स्थान पर मुलाकात के दौरान उन्होंने आरोपियों को 5 लाख रुपए नकद और कुछ सोने के जेवरात दे दिए। जैसे ही पैसे और जेवरात आरोपियों के हाथ लगे, वे जल्दबाजी में वहां से फरार हो गए। आरोपियों के जाने के बाद जब मुरली केसरवानी ने सिक्कों की पोटली खोलकर जांच की, तो उनके होश उड़ गए। ऊपर के कुछ सिक्कों को छोड़कर अंदर के बाकी सभी सिक्के नकली और सस्ती धातु के निकले।
खुद को ठगा महसूस कर पीड़ित तुरंत न्यू राजेंद्र नगर थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी अमर कुमार और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस अमलीडीह और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
