रायपुर कलेक्टर ने एलपीजी डीलर्स की ली बैठक, कालाबाजारी सख्ती से रोकने के दिए निर्देश
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने मंगलवार देर शाम जिले के ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों और एलपीजी डीलर्स की बैठक लेकर गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से हो और आम उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। बुकिंग के बाद समय पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि, गैस की कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत मिलने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में डीलर्स को पारदर्शिता के साथ वितरण व्यवस्था बनाए रखने और उपभोक्ताओं को निर्धारित नियमों के अनुसार गैस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इस बैठक में कीर्तिमान सिंह राठौर ने बताया कि, जिले में एलपीजी गैस का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। आम उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर उपभोक्ता जिला कलेक्टर कॉल सेंटर के नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर कलेक्टर कॉल सेंटर के नम्बर 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 पर सम्पर्क करें।
बैठक में खाद्य नियंत्रक भूपेन्द्र मिश्रा सहित गैस एजेंसियों के संचालक और ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान डीलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी उपभोक्ताओं से पैनिक न होने और सहयोग बनाए रखने की अपील की। इंडेन डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष और ऑल एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स के जिला अध्यक्ष विकास मरकाम ने कहा कि, होली के कारण वितरण में थोड़ी देरी हुई थी। अब सुधार हो गया है। जिले में अभी और भविष्य में एलपीजी गैस को लेकर किसी भी प्रकार की समस्या आम उपभोक्ताओं को नहीं होगी। उन्होंने आम जनता से आग्रह किया कि पैनिक न हो और सहयोग करें, गैस एजेंसियां भी उनका सहयोग करेंगी। भारत गैस वितरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष मुरारी गौड़ ने बताया कि कॉमर्शियल कनेक्शन में हॉस्पिटल और शैक्षणिक संस्थाओं को ही गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जाएगी।
होटल एसोसिएशन ने जारी की एडवाइजरी
कई क्षेत्रों में व्यावसायिक LPG सिलेंडरों की चल रही कमी को देखते हुए छत्तीसगढ़ होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन सभी होटलों, रेस्टोरेंट्स, कैटरर्स, क्लाउड किचन और खाद्य बिजनेस से जुड़े लोगों को एकजुट और तैयार के लिए कहा है। इसके लिए होटल एसोसिएशन में एडवाइजरी जारी की है।
सभी सदस्यों के बीच एकता और समन्वय बनाए रखें। किसी भी बड़े आपूर्ति व्यवधान की जानकारी एसोसिएशन को देते रहें।
LPG सिलेंडरों की घबराहट में खरीदारी (panic buying) या जमाखोरी से बचें, क्योंकि इससे पूरे उद्योग की स्थिति और खराब हो सकती है।
आवश्यक रसोई संचालन, मुख्य मेन्यू आइटम्स और पहले से तय किए गए बैंक्वेट/कार्यक्रमों को प्राथमिकता दें।
जहाँ संभव हो, आपातकालीन और स्टाफ किचन के लिए इलेक्ट्रिक कुकिंग उपकरणों का उपयोग करें, जैसे इंडक्शन कुकटॉप, इलेक्ट्रिक हॉट प्लेट, इलेक्ट्रिक राइस कुकर और इलेक्ट्रिक केतली।
वैकल्पिक ईंधन व्यवस्थाओं की संभावनाएँ तलाशें जैसे PNG, बल्क LPG स्टोरेज सिस्टम और हाइब्रिड इलेक्ट्रिक किचन उपकरण।
जहाँ कानूनी और सुरक्षित रूप से संभव हो, गंभीर आपूर्ति समस्याओं का सामना कर रहे अन्य सदस्यों का सहयोग करें।
एसोसिएशन इस समस्या के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों और LPG आपूर्तिकर्ताओं के साथ निरंतर संपर्क में है।
