रिश्वत लेते रायपुर की महिला इंस्पेक्टर गिरफ्तार, FIR लिखने 50 हजार की डिमांड की थी, ACB ने घूस लेते पकड़ा

क्षेत्रीय

छत्तीसगढ़ : रायपुर की एक महिला इंस्पेक्टर को ACB ने घूस लेते पकड़ लिया। शुक्रवार शाम महिला अफसर को टीम कैश लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। दहेज की शिकायत दर्ज करने और कार्रवाई करने के एवज में TI वेदवती दरियो ने रिश्वत मांगी थी। मामला रायपुर के महिला थाने का है। इस थाने की प्रभारी टाउन इंस्पेक्टर (TI) वेदवती दरियो ACB की कार्रवाई में ट्रैप हो गईं। वे 20 हजार रुपए लेते हुए अपने थाने में बैठी थीं, तभी एंटी करप्शन ब्यूरो के अफसरों ने उसे पकड़ लिया। महिला अफसर से ACB की टीम ने रात 8 बजे से देर रात 1 बजे तक पूछताछ की। इसके बाद दरियो को अपने साथ लेकर रवाना हो गई। दअरसल महिला थाने में लोधीपारा की रहने वाली एक महिला आई। पति से तंग आकर महिला ने थाने की प्रभारी वेदवती से कार्रवाई करने और FIR दर्ज करने को कहा। महिला इंस्पेक्टर ने 50 हजार रुपए की डिमांड कर दी। मिन्नतें करने के बाद वो 35 हजार में केस दर्ज करने को राजी हुईं थी। इसके बाद शिकायतकर्ता महिला ने ACB दफ्तर जाकर सारी बात अधिकारियों को बता दी। करीब एक हफ्ते पहले एंटी करप्शन में ये शिकायत पहुंची। शुक्रवार सुबह महिला वापस थाने पहुंची लेकिन थाने में भीड़ ज्यादा होने के कारण TI दरियो ने उन्हें वापस लौटा दिया। एसीबी की टीम लगातार पीड़िता के साथ मौजूद थी।

इसके बाद पीड़िता शाम को फिर थाने पहुंचीं। जब पीड़िता ने थाने के अंदर TI को 20 हजार रुपए दिए तब बाहर ACB की टीम मौजूद थी। महिला ने इंस्पेक्टर को पैसे देने के बाद ACB के अधिकारियों को इशारा किया। पैसे लेकर दरियो ने अपने जेब में रखे ही थे कि ACB के अधिकारी आ गए। एक केमिकल दरियो के हाथ में लगाया गया जिससे दरियो के हाथ में कलर आ गया। ऐसा इसलिए क्योंकि जो नोट महिला ने दरियो को दिए थे, उनमें एक केमिकल पहले से लगाया गया था। अब टीम थाने में दरियो का बयान नोट कर रही है।