लॉरेंस-बिश्नोई से जुड़े गैंगस्टर मयंक को लेकर रायपुर पहुंची पुलिस, झारखंड से 15 अफसर लेकर आए, थोड़ी-देर में कोर्ट में करेंगे पेश

झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह को लेकर छत्तीसगढ़ पुलिस रायपुर पहुंच गई है। गैंगस्टर को झारखंड से रायपुर लाने के दौरान दोनों राज्यों के 15 अधिकारी साथ रहे। अब से कुछ ही देर में उसे रायपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, 23 दिसंबर की रात करीब 10 बजे पुलिस मयंक सिंह को लेकर झारखंड से रवाना हुई थी और करीब 14 घंटे की यात्रा के बाद रायपुर पहुंची। कोर्ट द्वारा जारी प्रोडक्शन वारंट के आधार पर उसे यहां लाया गया है। मयंक सिंह कुख्यात अमन साव गैंग का सदस्य बताया जा रहा है और उसके लॉरेंस बिश्नोई से भी संबंध होने की जानकारी सामने आई है। मयंक पर रायपुर के कोयला कंस्ट्रक्शन कारोबारी प्रहलाद राय और पीआर ग्रुप के संचालक के कार्यालय पर फायरिंग कराने का आरोप है। फिलहाल मयंक सिंह झारखंड की जेल में बंद था, जहां दर्ज मामलों के चलते वह न्यायिक हिरासत में था। छत्तीसगढ़ पुलिस लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी, क्योंकि राज्य में भी उसके खिलाफ कई गंभीर अपराध दर्ज हैं।

जुलाई 2024 में रायपुर में कोयला कंस्ट्रक्शन कारोबारी प्रहलाद राय और पीआर ग्रुप के संचालक के कार्यालय पर फायरिंग की घटना सामने आई थी। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें बाइक सवार आरोपी द्वारा दो राउंड फायरिंग करते हुए देखा गया था। आरोप है कि इस वारदात की साजिश मयंक सिंह ने रची थी और वह इस मामले का मुख्य आरोपी है।