रायपुर में दिव्यांगों के लिए रोजगार मेला, 5 जून को लगेगा मेला, ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य
रायपुर जिले के दिव्यांग युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर ने 5 जून को विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक कॉलेज, बैरन बाजार रायपुर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। मेले में अस्थिबाधित, बौने, कम सुनने तथा देखने में कठिनाई वाले दिव्यांगजन भाग ले सकेंगे। उपसंचालक रोजगार डॉ. शशी अतुलकर ने बताया कि यंग इंडिया की ओर से आयोजित इस मेले में कई निजी कंपनियां शामिल होंगी। इनमें क्रेडालिस केपिटल प्रा. लि., आई. ट्रेड टेलिमेटिक्स निगरानी जीपीएस, रामा उद्योग प्रा. लि., बारबर्रिक ट्रांसफॉर्मर्स, अविनाश डेवलपर्स प्रा. लि., स्काई ऑटोमोबाइल (मारुति नेक्सा) और विश्वभारती ऑटोमोबाइल प्रा. लि. सहित अन्य प्रतिष्ठान दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर प्रदान करेंगे।
रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और पद के अनुसार प्रतिमाह लगभग 11 हजार रुपए से 30 हजार रुपए तक का वेतन दिया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों का कार्यक्षेत्र रायपुर और सिलतरा क्षेत्र रहेगा। रोजगार मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे दिव्यांगजन भाग ले सकेंगे, जो बिना व्हीलचेयर के चलने-फिरने में सक्षम हों।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को eRojgar पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। इच्छुक अभ्यर्थी शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की मूल और छायाप्रति के साथ उपस्थित हो सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी eRojgar पोर्टल या रोजगार कार्यालय के दूरभाष क्रमांक 0771-4044081 पर संपर्क कर सकते हैं।
