रायपुर में कलेक्शन एजेंट से 75 लाख बरामद, देर रात नाकेबंदी में पुलिस ने दबोचा, हवाला सिंडिकेट से जुड़े होने की आशंका

रायपुर में देर रात नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक के पास से 75 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। मामला हवाला सिंडिकेट से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। आयकर विभाग की टीम पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है। आरोपी युवक का नाम पुलिस द्वारा आजाद चौक निवासी मिलन शर्मा बताया जा रहा है। आरोपी से आयक विभाग की टीम पूछताछ कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और थाना आजाद चौक पुलिस की टीम ने 27 फरवरी 2026 को समता कॉलोनी क्षेत्र में नाकाबंदी करके संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की जांच शुरू की थी। इसी दौरान एक्टिवा को रोका गया। वाहन में रखे एक बड़े थैले की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में नकदी मिली। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मिलन शर्मा (25) पिता राधेश्याम शर्मा, निवासी समता कॉलोनी, थाना आजाद चौक, रायपुर बताया। वह समता कॉलोनी में रहकर पैसा ट्रांसफर का काम करता है। पुलिस ने जब बरामद रकम के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और टीम को गुमराह करता रहा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 75 लाख रुपए नकद, 4 मोबाइल फोन और एक्टिवा वाहन जब्त कर लिया।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने बताया, कि आरोपी मूलता राजस्थान का है। बीते पांच साल से रायपुर में रह रहा है। कलेक्शन एजेंट का काम करता है। शुक्रवार की रात भी रायपुर के अलग–अलग ठिकाने से पैसा कलेक्ट करके पहुंचा था और नाकाबंदी में पकड़ा गया। आरोपी के मोबाइल को खंगालकर हवाला नेटवर्क के खिलाफ जांच की जा रही है। आयकर विभाग को सूचना देकर आरोपी को हेंडओवर कर रहे है।