रायपुर : BLO के साथ महिला ने की मारपीट, गाली-गलौज करते हुए हाथापाई भी की, VIDEO वायरल
छत्तीसगढ़ : रायपुर में SIR के काम में बीएलओ को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इस बीच जिले के काली माता वार्ड से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक महिला सड़क पर बीएलओ के साथ बदसलूकी करती दिख रही है. महिला न केवल गाली-गलौज करती नजर आई, बल्कि उसने बीएलओ पर हाथ उठाया, चप्पल दिखाकर धमकाया और बीच-बचाव करने वालों को भी नहीं छोड़ा. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार की बताई जा रही है. महिला ने बीएलओ से SIR फॉर्म घर पहुंचाने की मांग की थी. जब फॉर्म मिलने में देरी हुई, तो वह भड़क गई. शुरुआत में उसने जोर-जोर से गाली-गलौज की और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया. महिला लगातार आक्रामक व्यवहार कर रही थी. बीएलओ उसे शांत करने की कोशिश करती रहीं, लेकिन महिला का गुस्सा कम नहीं हुआ. इसी बीच जब एक व्यक्ति ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो महिला ने उसे भी थप्पड़ मार दिया.
राजधानी रायपुर में महिला BLO से मारपीट! SIR फॉर्म नहीं मिलने पर फूटा महिला का गुस्सा#SIR pic.twitter.com/Uep02EMyEp
— The Rural Press (@theruralpress) November 30, 2025
स्थानीय लोगों का कहना है कि उस समय कई लोगों ने महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी. महिला बार-बार चप्पल दिखाकर धमकी देती रही और बीएलओ को सड़क पर धक्का-मुक्की का शिकार होना पड़ा. फिलहाल इस पूरे मामले में अब तक कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है. न तो बीएलओ की ओर से और न ही किसी और व्यक्ति द्वारा पुलिस में FIR की गई है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि उन्हें वायरल वीडियो की जानकारी मिल गई है. वार्ड के लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटना पहली बार देखी गई है. चुनावी कार्यों में लगे बीएलओ घर-घर जाकर फॉर्म बांटने का काम कर रहे हैं. ऐसे समय पर किसी अधिकारी से इस तरह की मारपीट और गाली-गलौज होना चिंताजनक है.
