राजस्थान : बानसूर में पकड़ा गया नकली दूध, रिफाइंड तेल और लैक्टोस पाउडर से बन रहा था जहरीला दूध

राजस्थान: बानसूर क्षेत्र के गांव बाबरिया में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंथेटिक और मिलावटी दूध बनाने के बड़े गोरखधंधे का पर्दाफाश किया है. दूध कलेक्शन सेंटर की आड़ में एक घर के अंदर रिफाइंड पामोलिन तेल और लैक्टोस पाउडर को मिक्सी में मिलाकर नकली दूध तैयार किया जा रहा था. आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. टी. शुभमंगला, जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. ओमप्रकाश सहारण और सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत के निर्देशन में यह छापा मारा गया.

खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेहा शर्मा और शशिकांत शर्मा ने बताया कि उनकी टीम ने सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचकर सख्ती से जांच की. निरीक्षण में घर के एक कमरे से 45 लीटर रिफाइंड पामोलिन तेल के 3 सीलबंद पीपे, 11 खाली पीपे, करीब 35 किलो लैक्टोस पाउडर, दो बड़ी मिक्सी मशीनें और दूध के कैनों में रखा लगभग 150 लीटर तैयार सिंथेटिक मिलावटी दूध बरामद किया गया. मौके पर मौजूद महिलाओं ने बताया कि कैलाश गुर्जर इस सेंटर का संचालन करता है.

पूछताछ में आरोपी कैलाश गुर्जर ने कबूल किया कि वह पिछले डेढ़ साल से यह अवैध धंधा चला रहा था. वह प्रतिदिन 400 से 500 लीटर तक मिलावटी दूध बनाकर विभिन्न डेयरियों में सप्लाई करता था. शुरुआत में वह एक डेयरी को दूध देता था, लेकिन वहां मिलावट पकड़े जाने के बाद अब सोडावास स्थित एक निजी डेयरी को नियमित रूप से सप्लाई कर रहा था.विभाग ने मौके से मिलावटी दूध के दो सैंपल जांच के लिए जयपुर स्थित खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं. रिपोर्ट आने के बाद आरोपी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस दौरान 150 लीटर मिलावटी दूध, 45 लीटर पामोलिन तेल और 40 किलो लैक्टोस पाउडर को जनहित में मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. विभाग ने आमजन से खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट की सूचना तुरंत देने की अपील की है.