राजस्थान में प्रशासनिक फेरबदल, 17 IPS अधिकारियों के हुए तबादले

राजस्थान सरकार के कार्मिक विभाग ने राज्यहित में एक बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों के बड़े पैमाने पर स्थानांतरण और पदस्थापन आदेश जारी किए हैं. जयपुर से जारी सरकारी आदेश के अनुसार, राज्य में तुरंत प्रभाव से कुल 17 अनुभवी आई.पी.एस. अधिकारियों के तबादले कर दिए गए हैं. सरकार द्वारा जारी की गई इस नई सूची में कई वरिष्ठ अधिकारियों के विभागों में बदलाव करने के साथ-साथ प्रदेश के आधा दर्जन से अधिक जिलों के पुलिस कप्तानों को भी बदल दिया गया है. कार्मिक विभाग की संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह के हस्ताक्षरों से जारी इस आदेश के बाद से पुलिस महकमे में भारी हलचल मच गई है. इस फेरबदल के तहत दौसा, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, टोंक, भरतपुर और डीडवाना-कुचामन सहित कुल 6 महत्वपूर्ण जिलों में नए पुलिस अधीक्षकों की तैनाती की गई है.इस पूरी तबादला सूची में दौसा जिले के लिहाज से एक बेहद बड़ी और महत्वपूर्ण खबर सामने आई है. दौसा में तैनात पुलिस अधीक्षक सागर 2019 बैच का स्थानांतरण कर दिया गया है और सरकार ने उन्हें अब भीलवाड़ा जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है. वहीं दूसरी ओर, जयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में पुलिस अधीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे पीयूष दीक्षित 2016 बैच को अब दौसा जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. पीयूष दीक्षित अब दौसा जिले की कानून व्यवस्था और कमान संभालते हुए नजर आएंगे. इसी कड़ी में भीलवाड़ा के वर्तमान एसपी धर्मेन्द्र सिंह 2014 बैच को भी वहां से हटाकर अब चित्तौड़गढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक पद की एक नई और बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है.

जिलों के अलावा पुलिस मुख्यालय के कई बड़े विंग और वरिष्ठ अतिरिक्त महानिदेशक व महानिरीक्षक स्तर के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बड़ा बदलाव हुआ है. जयपुर में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस सिविल राइट्स, एन्टी HUMAN ट्रेफ़िकिंग एण्ड कम्यूनिटी पुलिसिंग के पद पर कार्यरत लता मनोज कुमार 2000 बैच को अब अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस कम्यूनिटी पॉलिसिंग एवं जन अभियोग, राजस्थान, जयपुर के महत्वपूर्ण पद पर तैनात किया गया है. वहीं, उनके पुराने पद का काम प्रभावित न हो, इसके लिए सरकार ने आदेश जारी किया है कि डॉ. हवा सिंह घुमारिया 1997 बैच, जो वर्तमान में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस मुख्यालय हैं, वे अपने वर्तमान कार्य के साथ-साथ अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस सिविल राइट्स एण्ड एन्टी HUMAN ट्रेफ़िकिंग, जयपुर के पद का अतिरिक्त कार्यभार भी आगामी आदेशों तक संभालेंगे.

तबादला सूची के अनुसार, चित्तौड़गढ़ के वर्तमान एसपी मनीष त्रिपाठी 2013 बैच को जयपुर भेजा गया है, जहाँ वे पुलिस अधीक्षक, ए.टी.एस. का पद संभालेंगे. उनकी जगह जयपुर ए.टी.एस. में तैनात एसपी 2 श्री ज्ञान चन्द्र यादव 2014 बैच को अब डीडवाना-कुचामन जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. डीडवाना-कुचामन की एसपी रिचा तोमर 2016 बैच को अब नई दिल्ली में कमाण्डेन्ट, 11वीं बटालियन, आर.ए.सी. के पद पर भेजा गया है. इसके अलावा टोंक के एसपी राजेश कुमार मीणा 2016 बैच को अब भरतपुर का नया एसपी नियुक्त किया गया है. नागौर के एसपी रोशन मीणा 2021 बैच को टोंक जिले के पुलिस अधीक्षक की कमान सौंपी गई है. इसी तरह, उदयपुर के मावली वृत्त में सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत आशिमा वासवानी 2023 बैच को अब सहायक पुलिस अधीक्षक, भरतपुर शहर के पद पर तैनात किया गया है.