IPL में आज राजस्थान Vs लखनऊ, राजस्थान होम ग्राउंड पर इस सीजन एक भी मैच नहीं जीती

IPL का 64वां मैच राजस्थान रॉयल्स (RR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच खेला जाएगा। मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से होगा प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए राजस्थान हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। राजस्थान इस सीजन में अपने होम ग्राउंड पर अब तक एक भी मैच नहीं जीत सकी है। लखनऊ पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। राजस्थान 12 पॉइंट्स के साथ छठे स्थान पर हैं। टीम को अपना आखिरी लीग मैच मुंबई के खिलाफ 24 मई को खेलना है। दोनों टीमों के बीच अब तक 7 मैच हुए हैं। RR ने 5 और LSG ने 2 मैच जीते हैं। पिछले सीजन के मुकाबले में लखनऊ ने जीत दर्ज की थी। इस सीजन दोनों टीमें दूसरी बार भिड़ेंगी। इकाना स्टेडियम में खेला गया पहला मैच राजस्थान ने जीता था।

राजस्थान इस सीजन में ओपनिंग के लिए 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर काफी निर्भर रही है। वैभव ने कई मौकों पर तेज शुरुआत दिलाई है, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें यशस्वी जायसवाल का साथ नहीं मिला। विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने कुछ अच्छी पारियां खेली हैं, लेकिन दिल्ली के खिलाफ लगातार विकेट गिरने से वे खुलकर नहीं खेल सके। कप्तान रियान पराग टूर्नामेंट के पहले हाफ में कुछ खास नहीं कर पाए थे, लेकिन पिछले मैचों में उन्होंने लय पकड़ी है। हालांकि, वे हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे हैं। कप्तान चाहेंगे कि टीम आखिरी 5 ओवरों में बल्लेबाजी में ज्यादा मैच्योरिटी दिखाए। वैभव सूर्यवंशी टीम के टॉप रन स्कोरर हैं। उन्होंने 12 मैचों में 234.78 की स्ट्राइक रेट से 486 रन बनाए हैं। वहीं, जोफ्रा आर्चर टीम के टॉप विकेट टेकर हैं। उन्होंने 12 मैचों में 9.09 की इकोनॉमी से 17 विकेट लिए हैं।

प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी लखनऊ इस मैच में बिना दबाव के उतरेगी। टीम ने इससे पहले 15 मई को चेन्नई सुपर किंग्स को हराया था। हालांकि, इस सीजन में टीम की बल्लेबाजी कमजोर रही है, लेकिन CSK के खिलाफ मिचेल मार्श ने 90 रन बनाए थे। कप्तान ऋषभ पंत इस सीजन में अपने बैटिंग ऑर्डर को लेकर संघर्ष करते दिखे हैं। पिछले मैच में वे बल्लेबाजी करने भी नहीं आए थे। लखनऊ की ओर से मिचेल मार्श ने 12 मैचों में 467 रन बनाए हैं। वहीं, प्रिंस यादव 12 मैचों में 16 विकेट लेकर टीम के टॉप विकेट टेकर हैं।