IPL में आज राजस्थान vs मुंबई मैच, हार्दिक की फिटनेस पर सस्पेंस
IPL में मंगलवार को मुंबई इंडियंस (MI) का सामना राजस्थान रॉयल्स (RR) से होगा। यह मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेला जाएगा। टॉस शाम 7 बजे होगा। जबकि 7:30 बजे से मैच शुरू होगा। मुंबई के लिए सबसे बड़ी चिंता उनके कप्तान हार्दिक पांड्या की फिटनेस है। वे पिछला मैच बीमारी के कारण नहीं खेल पाए थे। दूसरी ओर राजस्थान की टीम अपने शुरुआती मैचों की जीत से मिले मोमेंटम को जारी रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। IPL में दोनों के बीच मुकाबला लगभग बराबर का रहा है। अब तक दोनों टीमों में IPL में 30 बार भिड़ी हुई हैं। इसमें 16 मैच मुंबई ने और 14 मैच राजस्थान रॉयल्स ने जीते। पिछले सीजन दोनों के बीच एक मुकाबला हुआ था। इस मैच को मुंबई ने 100 रन से जीता था। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मैच में हार्दिक पंड्या की कमी मुंबई को खली थी, जहां टीम को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। उनकी गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी की थी।
पंड्या टीम के साथ गुवाहाटी पहुंचे गए हैं। उन्होंने नेट्स में अभ्यास भी शुरू कर दिया है। पिछले मैच में अनुभवी ट्रेंट बोल्ट की जगह शामिल किए गए साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश काफी महंगे साबित हुए थे।
मुंबई इंडियंस के लिए गेंदबाजों का फॉर्म चिंता का विषय बना हुआ है। जसप्रीत बुमराह टीम के सबसे किफायती गेंदबाज रहे हैं, लेकिन उन्हें इस सीजन में अब तक एक भी विकेट नहीं मिला है। शार्दूल ठाकुर पहले मैच में प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद पिछले मुकाबले में काफी महंगे साबित हुए। स्पिन विभाग में मिचेल सैंटनर ने अफगान स्पिनर अल्लाह गजनफर की जगह अपनी उपयोगिता साबित की है और उनके अगले मैच में भी खेलने की पूरी संभावना है। मुंबई के गेंदबाजों के सामने राजस्थान के शानदार फॉर्म में चल रहे टॉप ऑर्डर को रोकने की बड़ी चुनौती होगी।
राजस्थान रॉयल्स के लिए सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने अब तक विस्फोटक शुरुआत दी है। मध्यक्रम में ध्रुव जुरेल टीम को मजबूती दे रहे हैं। गेंदबाजी में रवि बिश्नोई इस सीजन के सफल गेंदबाजों में से एक बनकर उभरे हैं, उन्होंने 2 मैचों में 5 विकेट झटके हैं। वह अब तक सबसे सफर गेंदबाज रहे हैं और पर्पल कप में सबसे ऊपर हैं। वहीं, तुषार देशपांडे ने पिछले मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी ओवर में 10 रन बचाकर अपनी डेथ बॉलिंग का लोहा मनवाया। कप्तान रियान पराग भले ही बल्ले से अभी तक बड़ा स्कोर नहीं बना पाए हों, लेकिन उनकी कप्तानी और टैक्टिकल फैसलों की काफी सराहना हो रही है।
