राजस्थान के 9 शहरों में पारा 10°C से नीचे पहुंचा, इंदौर में तापमान 4.5°C, 10 साल का रिकॉर्ड टूटा
मध्य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। इंदौर में सर्दी के पिछले 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया। यहां गुरुवार रात न्यूनतम तापमान 4.5°C दर्ज किया गया। इससे पहले दिसंबर, 2015 में 7°C का तापमान दशक का सबसे कम तापमान था। राजस्थान के 9 शहरों में गुरुवार को तापमान 10°C से नीचे चला गया। सीकर के फतेहपुर में सबसे कम तापमान 4°C दर्ज किया गया। नागौर में 5°C, सीकर में 5.5°C और लूणकरणसर में 5.6°C पारा रिकॉर्ड हुआ। राजधानी जयपुर में तापमान 10.7°C दर्ज किया गया। उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से बर्फबारी के बाद अब पाला गिर रहा है। इससे नदी, नाले और झरने जम गए हैं। चमोली और पिथौरागढ़ में लोगों के घरों में पाइपों में भी पानी जम गया। वहीं हरिद्वार, हल्द्वानी और रुद्रपुर के कुछ हिस्सों में घने कोहरा देखने को मिल रहा है।
