IPL: रजत पाटीदार होंगे RCB के नए कप्तान

खेल

इंडियन प्रीमियर लीग की सबसे मशहूर फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को नया कप्तान मिल गया है। यह विराट कोहली के चाहने वालों के लिए थोड़ा हैरान करने वाली खबर है, क्योंकि क्रिकेट किंग कप्तान के रूप में नहीं दिखेंगे। टीम के होनहार और विस्फोटक बल्लेबाज रजत पाटीदार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का कप्तान घोषित किया गया है। फ्रेंचाइजी ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कप्तान के नाम का ऐलान किया। रजत पाटीदार ने अपनी शानदार बैटिंग के दम पर पिछले सीजन काफी मैच जितवाए थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विराट कोहली का भी वीडियो दिखाया गया, जिसमें उन्होंने रजत पाटीदार की तारीफ करते हुए कप्तान बनाए जाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा- रजत पाटीदर इस फ्रेंचाइजी में निखरे हैं। उनके अंदर क्षमता है। हम सभी का सपोर्ट उन्हें रहेगा। हम सभी चाहते हैं कि वह टीम की महानता को आगे लेकर जाएं। साथ ही कोहली ने फैंस से कहा- मुझे उम्मीद है नए कप्तान रजत को खूब सपोर्ट मिलेगा। रजत पाटीदार 2021 से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा हैं। उन्हें पहले सीजन में सिर्फ 4 मैच मिले थे, जबकि उन्होंने 71 रन बनाए थे। हालांकि, 2022 में उन्होंने एक शतक सहित 8 मैचों में 333 रन ठोके, जबकि 152.75 का स्ट्राइक रेट रहा। 2024 में भी उनका बल्ला खूब बोला। उन्होंने 15 मैचों की 13 पारियों में 395 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 177.13 का रहा। आईपीएल करियर में उनके नाम 27 मैचों में 799 रन हैं, जिसमें एक शतक और 7 अर्धशतक है।