रायपुर में कुछ बदमाशों ने मिलकर NSUI के प्रदेश सचिव मेहताब हुसैन को चाकू मार दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने उससे शराब के लिए पैसे मांगे थे। मगर उसने पैसे देने से मना कर दिया। जिसके बाद बदमाशों ने उससे मारपीट की। फिर चाकू मार दिया और भाग गए थे। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है।
डीडी नगर इलाके का रहने वाला महताब हुसैन मंगलवार रात को अपने दोस्तों के साथ गोल चौक में खड़ा होकर चाय पी रहा था। उसी दौरान वहां पर बदमाश ओम दुबे अपने 3-4 दोस्तों के साथ वहां पहुंच गया। इसके बाद ओम ने महताब से शराब के लिए पैंसे मांगे, लेकिन महताब ने साफ इनकार कर दिया था।
गाली-गलौज के बाद और बढ़ा विवाद
बताया गया है कि इसके बाद से ही विवाद शुरू हो गया। ओम महताब से गाली-गलौज करने लग गया। इस पर विवाद और शुरू हो गया। फिर महताब के साथ मारपीट की गई। बात और आगे बढ़ती देख ओम ने चाकू निकाला और महताब को मार दिया। जिससे वह लहुलूहान होकर जमीन पर गिर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद ओम और उसके साथी भाग निकले।
दो आरोपी गिरफ्तार
उधर, आस-पास के लोगों की मदद से घायल को अस्पताल भेजा गया। जहां उसका उपचार किया गया है। इसके अलावा पुलिस से भी मामले की शिकायत की गई थी। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और आरोपी ओम का पता लगाया। बाद में मंगलवार देर रात ही ओम और उसके एक साथी रवि को गिरफ्तार कर लिया गया है।
15 दिन पहले जेल से लौटा था
घटना के बाद यह बात भी पता चली है कि आरोपी ओम दुबे हत्या के प्रयास मामले में अगस्त 2022 में जेल गया था। जिसके बाद वह अभी 15 दिन पहले ही रिहा हुआ है। मगर जेल से छूटने के बाद फिर से उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपी के खिलाफ डीडी नगर थाने में ही 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस मामले को लेकर एडिशनल एसपी डीसी पटेल ने कहा कि दोनों युवकों के बीच आपसी विवाद के बाद आरोपी ने चाकू मारकर युवक को घायल कर दिया था। इसकी सूचना पुलिस को देर रात मिली। जिस पर देर रात को ही 2 आरोपियों को पकड़ा गया है। ओम और उसका पिता पुराने बदमाश हैं। दोनों पूरी हिस्ट्री शीट खंगाल रहे है।
बाप कर चुका है हत्या
पुलिस ने यह भी बताया है कि आरोपी ओम का पिता हत्या का आरोपी है। उसने खरोरा इलाके में हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। 6 महीने पहले ही जेल से पैरोल पर आया था। तब से वह भी फरार है।