राजिम में तनाव का माहौल ! हिंसा फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार, कर्फ्यू जैसे हालात

छत्तीसगढ़ के राजिम के दुतकैंया गांव में रविवार को उपद्रव की घटना हुई। पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में झड़प हो गई, जिसमें भीड़ ने घरों और वाहनों में आगजनी की और लोगों पर हमला किया। स्थिति बिगड़ते देख भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इलाके में कर्फ्यू जैसे हालात बन गए और लोगों में डर का माहौल है। हिंसा भड़काने वाले तीन आरोपियों को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब पत्थरबाजी करने वालों की पहचान कर रही है। गांव में फिलहाल भारी पुलिस मौजूद है और बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। यह विवाद साल 2024 अप्रैल में गांव में स्थापित शिवलिंग को क्षतिग्रस्त करने के मामले से जुड़ा है। पहले आरोपी आरिफ खान को जेल भेजा गया था, जो हाल ही में जेल से छूटा था। हमलावरों ने चुन-चुनकर राहगीरों पर हमला किया। घटना में आरोपियों ने चुन-चुनकर हमला किया।

सबसे पहले सब-स्टेशन में ड्यूटी कर रहे अरविंद साहू के सिर पर प्राणघातक हमला किया गया। इसके अलावा, नरेंद्र साहू के हाथ पर वार किया गया, जबकि रेखु यादव की भुजा पर हुए प्रहार से हड्डी फ्रैक्चर की आशंका जताई जा रही है। इसी तरह, परमानंद साहू के साथ भी मारपीट की गई, जिससे पूरे गांव में तनाव फैल गया। आरोपियों ने गांव के तीन लोगों को करीब चार घंटे तक पीटा। घटना की खबर फैलते ही ग्रामीण गुस्से में आ गए और आरोपियों के घर पहुंचे। भीड़ के सामने कुछ लोगों ने मिर्च पाउडर फेंकने की कोशिश की, जिससे माहौल और बिगड़ गया। एक आरोपी के घर को आग के हवाले कर दिया गया। हिंसा के कारण राजिम मेला पर भी असर पड़ा। मेला समय पर बंद किया गया और लोगों की संख्या काफी कम नजर आई।