राजनादगांव : सरकारी आवास सील करने पर महिला ने लगा ली आग, हालत गंभीर

क्षेत्रीय

Rajnandgaon News: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में अटल आवास योजना के एक घर को सील करने से परेशान महिला ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर खुदकुशी करने की कोशिश की। इस दौरान महिला काफी जल गई। उसकी हालत गंभीर है। महिला ने नगर निगम कर्मियों पर रिश्वत लेने और परेशान करने का आरोप लगाया था। पति से अलग रह रही महिला कपड़े बेचकर जीविका चलाती है।

महिला यास्मीन बेगम (49) अपने 22 साल के बेटे के साथ जिस आवास में रह रही थी, राजनांदगांव नगर निगम ने गुरुवार को उसे सील कर दिया। नगर निगम का आरोप है कि महिला वहां अवैध रूप से कब्जा जमाए हुई थी, जबकि महिला का कहना है कि निगम कर्मचारी आवास में रहने देने के लिए उससे तीस हजार रुपये लिये हैं।

जब महिला ने निगम कर्मियों से आवास सील नहीं करने की गुहार लगाई तो वे नहीं माने। इस पर महिला ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। यह देख निगम कर्मी वहां से भाग निकले। आसपास के लोगों ने महिला को बचाने के लिए काफी प्रयास किया, लेकिन आग से बुरी तरह घिर चुकी महिला काफी अधिक जल गई। उसे फौरन अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

https://twitter.com/ShamsherSLive/status/1608437218250739712