राजनांदगांव MCH में नर्सिंग स्टाफ की हड़ताल से हाहाकार, प्रसूताओं को भी किया जा रहा दूसरे अस्पताल रेफर

राजनांदगांव : नर्सिंग आफिसर्स एसोसिएशन की हड़ताल से 535 बिस्तर वाले मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमसीएच), पेंड्री की चिकित्सा व्यवस्था बेपटरी हो गई है। हड़ताल के एक दिन पहले से ही यहां आने वाले मरीजों को रेफर किया जाने लगा था। दूसरी ओर वार्डों में भर्ती मरीजों को भी डिस्चार्ज कर दिया गया है। सबसे बड़ा असर सर्जरी पर पड़ा है। पहले से तय ऑपरेशन टाल दिए गए हैं। गर्भवतियों को भी बाहर भेजा जा रहा है। ऑपरेशन थियेटर ठप पड़ गए हैं। मौजूदा समय में सिर्फ आपातकालीन वार्ड, एनआइसीयू ही संचालित किया जा रहा है।

बता दें कि बुधवार से मेडिकल कॉलेज की 73 स्टाफ नर्स और 32 नर्सिंग सिस्टर अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं। इन अनुभवी स्टाफ के चले जाने से व्यवस्था चरमरा गई है। चिकित्सकों के होते हुए भी अस्पताल में मरीजों को संभालना चुनौती बन गया है। हालांकि एमसीएच प्रबंधन के मुताबिक वैकल्पिक व्यवस्था के सहारे चिकित्सा जारी है और मरीजों को लेने की बात कही जा रही है।

प्रसव के मामले भी

कर रहे रेफर केस – 1 : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, छुरिया से प्राथमिक उपचार के बाद मरीज को मेडिकल अस्पताल भेजा गया। एंबुलेंस मरीज को लेकर पहुंची लेकिन उसे यहां दाखिल नहीं किया गया। 17 नवंबर की शाम को ही उसे निजी अस्पताल दाखिल किया गया।

केस – 2 : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डोंगरगांव से प्रसव के लिए हाई रिस्क गर्भवती महिला को मेडिकल कालेज अस्पताल लाया गय। स्वजनों को उसे कहीं और ले जाने की बात कही गई। प्रसव का समय नजदीक देखते हुए स्वजन उसे निजी अस्पताल ले गए।