छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव:भाजपा की लक्ष्मी वर्मा, कांग्रेस की फूलो देवी नेताम ने पर्चा दाखिल किया

छत्तीसगढ़ की दो राज्यसभा सीट के लिए सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के उम्मीदवारों ने बृहस्पतिवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। विधानसभा के अधिकारियों ने बताया कि भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी फूलो देवी नेताम ने राज्यसभा चुनाव के लिए विधानसभा में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वर्मा के नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव, पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे, साय मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद और विधायक मौजूद थे। नेताम के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विधानसभा में विपक्ष के नेता चरण दास महंत और पार्टी के दूसरे नेता मौजूद थे। विधानसभा परिसर में वर्मा ने उन पर भरोसा जताने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन समेत सभी वरिष्ठ नेताओं का धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा कि उन्हें जो ज़िम्मेदारी दी गई है, उसे पूरा करने और राज्य के मुद्दों को राज्यसभा में उठाने की वह पूरी कोशिश करेंगी। नेताम में उन्हें दोबारा मौका देने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और सोनिया गांधी समेत पार्टी आलाकमान का शुक्रिया अदा किया।

वर्मा (59) राज्य के प्रभावशाली कुर्मी समाज से हैं। उन्होंने भाजपा की तरफ से राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाए जाने के बाद राज्य महिला अयोग से इस्तीफा दे दिया था।

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की निवासी वर्मा फिलहाल रायपुर में रहती हैं।

वर्मा ने 1990 में भाजपा की प्राथमिक सदस्य के रूप में राजनीति की शुरूआत की थी। वह 1994 में रायपुर नगर निगम में वार्ड पार्षद चुनी गईं। बाद में उन्होंने 2010 से 2015 तक रायपुर ज़िला पंचायत की अध्यक्ष के तौर पर काम किया।

पार्टी के वरिष्ठ नेता वर्मा को एक अनुभवी ज़मीनी नेता बताते हैं जिन्हें ग्रामीण राजनीति की गहरी समझ है। वह भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रवक्ता रह चुकी हैं।

पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि महिला मोर्चा से लेकर पार्टी के विभिन्न पदों तक वर्मा लगातार सक्रिय रही हैं तथा उन्होंने ज़िला, मंडल और बूथ स्तर पर काम किया है।