फिल्म ‘रामायण’ से सामने आया रणबीर कपूर का लुक, भगवान राम के रूप में गरिमा भरे अंदाज में दिखे

फिल्म ‘रामायण’ से रणबीर कपूर का भगवान राम के रूप में लुक सामने आ गया है। इसकी झलक आज यानी हनुमान जयंती पर जारी की गई। भगवान राम के रूप में रणबीर का लुक सादगी, गरिमा और आध्यात्मिकता से भरा हुआ है। शाही वेशभूषा और बारीक आभूषणों के साथ उनका शांत और संतुलित रूप काफी अच्छा नजर आ रहा है। वीडियो में शानदार वीएफएक्स देखने को मिलते हैं। श्रीराम की पहली झलक प्रजा के बीच दिखाई गई। बैकग्राउंड म्यूजिक भी शानदार है।

भगवान राम का रोल निभाने के बारे में बात करते हुए रणबीर ने कहा था, “मुझे नहीं लगता कि मैं यहां राम का रोल करने आया हूं। मैं यहां उनसे सीखने आया हूं। उनमें एक सादगी और पवित्रता है जो बहुत कम देखने को मिलती है और उसे समझने और अपनाने की कोशिश करना मेरे लिए बहुत ही विनम्र करने वाला अनुभव रहा है।”

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में नजर आएंगे।
1987 के टीवी शो ‘रामायण’ में राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल इस फिल्म में राजा दशरथ की भूमिका में दिखेंगे।
फिल्म का कुल बजट लगभग 4,000 करोड़ रुपए बताया जा रहा है, जो इसे भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल करता है।
फिल्म को नितेश तिवारी डायरेक्ट कर रहे हैं, जिन्होंने सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म दंगल बनाई थी।
फिल्म का म्यूजिक ऑस्कर विनर ए.आर. रहमान और हॉलीवुड कंपोजर हैंस जिमर तैयार कर रहे हैं।
फिल्म को नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स बना रहे हैं। फिल्म IMAX पर रिलीज होगी।