रणवीर सिंह की धुरंधर का नया वर्जन कल होगा स्ट्रीम, बिना किसी कट के रिलीज होगी फिल्म
रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ का अनकट वर्जन ‘धुरंधर रॉ एंड अनदेखा’ कल यानी 22 मई से ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स और जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होने जा रहा है। नेटफ्लिक्स और जियोहॉटस्टार ने बुधवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी। ‘धुरंधर रॉ एंड अनदेखा’ वर्जन हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में उपलब्ध होगा। यह फिल्म पिछले साल 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसके बाद 30 जनवरी को इसे नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया गया था। यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब दिल्ली हाई कोर्ट ने फिल्म के दूसरे पार्ट में सेना की गोपनीय जानकारियां दिखाने के आरोपों पर केंद्र सरकार और सेंसर बोर्ड से जांच करने को कहा है।
मेकर्स ने फिल्म के दूसरे पार्ट ‘धुरंधर: द रिवेंज रॉ एंड अनदेखा’ की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। इस पार्ट का प्रीमियर 4 जून को शाम 7 बजे होगा। इसके बाद 5 जून से दर्शक इसे सिर्फ जियोहॉटस्टार पर देख सकेंगे। फिल्म के दोनों ही पार्ट ने बॉक्स ऑफिस पर बड़े रिकॉर्ड बनाए हैं और दोनों फिल्मों की कहानी को दर्शकों ने काफी पसंद किया है। फिल्म का नया वर्जन ऐसे समय में आ रहा है जब इसके दूसरे पार्ट को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में कानूनी विवाद चल रहा है। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के हेड कांस्टेबल दीपक कुमार ने कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की है।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि फिल्म में सेना के ऑपरेशन्स से जुड़ी गुप्त जानकारियां दिखाई गई हैं, जिससे देश की सुरक्षा और अखंडता को खतरा हो सकता है। इस मामले की सुनवाई करते हुए दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा कि फिल्म भले ही काल्पनिक हो, लेकिन एक सुरक्षाकर्मी की ओर से उठाए गए मुद्दों को छोड़ नहीं सकते। कोर्ट ने केंद्र सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय और सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से इन आरोपों की जांच करने को कहा है।
कोर्ट ने निर्देश दिया है कि इस बात की जांच की जाए कि क्या फिल्म से ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट का उल्लंघन हुआ है। रणवीर सिंह स्टारर फिल्म धुरंधर और धुरंधर 2 ने मिलकर दुनियाभर में 3,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की है। इसके बाद यह 3,000 करोड़ रुपए से ज्यादा कमाने वाली पहली भारतीय फिल्म फ्रेंचाइजी बन गई है।
