रेप के आरोपी BJP प्रत्याशी ब्रह्मानंद हो सकते हैं गिरफ्तार, कांकेर पहुंची झारखंड पुलिस

क्षेत्रीय

भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार ब्रह्मानंद नेताम कभी भी गिरफ्तार हो सकते हैं। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपी बनाए गए नेताम को तलाशते झारखंड की जमशेदपुर पुलिस की टीम कांकेर पहुंचने की सूचना है। डीएसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में टीम पहुंची है। झारखंड पुलिस ने नेताम की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय पुलिस से मदद मांगी है।

दरअसल चुनाव में नामांकन की समय-सीमा खत्म होने के बाद ब्रह्मानंद नेताम पर गंभीर आरोप लगे। बताया गया, 15 मई 2019 को झारखंड के जमशेदपुर में दर्ज एफआईआर की जांच में नेताम का नाम आ रहा है। यह एक 15 वर्षीय लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म और जबरन देह व्यापार में धकेलने का अपराध है।

इस मामले में पांच लोग नामजद आरोपी बनाए गए थे। पुलिस ने जांच शुरू की तो छत्तीसगढ़ के भी दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। उसके बाद जो चालान पेश हुआ। इसकी जांच रिपोर्ट में चारामा निवासी पूर्व विधायक ब्रह्मानंद नेताम और दीपांकर सिन्हा का नाम भी शामिल है। मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच अब भी जारी है। कांग्रेस का आरोप है कि इस मामले में आरोपी दीपांकर सिन्हा भी भाजयुमो का जिला कोषाध्यक्ष है। कांग्रेस ने ब्रह्मानंद नेताम की शिकायत चुनाव आयोग से भी की है।

इस मामले में रायपुर पुलिस के एक सिपाही की भी मिलीभगत सामने आई है। एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने सिपाही केशवराम सिन्हा को निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है। बताया जा रहा है, यह सिपाही भी कांकेर के चारामा का ही रहने वाला है। पूर्व विधायक ब्रह्मानंद नेताम भी चारामा के हैं। बताया जा रहा है, उस अपराध की चार्जशीट में इस सिपाही का भी नाम है। उसके मुताबिक सिपाही भी नाबालिग के साथ दुष्कर्म के अपराध में सहायक रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कांकेर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम पर नाबालिग से गैंगरेप और उसे देह व्यापार में धकेलने समेत तमाम गंभीर आरोप लगाए था। उन्होंने सबूतों के साथ ये बात मीडिया के सामने रखी थी।

वहीं ब्रह्मानंद नेताम ने इस मामले को कांग्रेस की साजिश बताया था। उनका कहना है कि वे कभी जमशेदपुर गए ही नहीं है। कांग्रेस ने मेरे चरित्र पर दाग लगाने के लिए पूरा षड्यंत्र रचा है। उपचुनाव में सामने अपनी हार को देख साजिश रचकर मुझे बदनाम किया जा रहा है।

कांकेर जिले की भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव 5 दिसंबर को होना है। यह सीट पिछले महीने कांग्रेस विधायक मनोज सिंह मंडावी के निधन से खाली हुई है। भारत निर्वाचन आयोग ने 5 नवंबर को इस चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया। यह चुनाव गुजरात चुनाव के साथ ही कराया जाएगा। इसका परिणाम भी गुजरात-हिमाचल के परिणामों के साथ आएगा।