मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बनेगा रवि शास्त्री स्टैंड, गावस्कर और सचिन के स्टैंड पहले से बने
भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री के नाम पर मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में स्टैंड बनेगा। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने फैसला किया है कि ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में अब एक स्टैंड का नाम रवि शास्त्री के नाम पर होगा। यह सम्मान किसी भी क्रिकेटर के लिए बहुत बड़ी बात होती है, और अब शास्त्री भी सुनील गावस्कर और सचिन तेंदुलकर जैसे महान खिलाड़ियों की खास लिस्ट में शामिल हो जाएंगे। स्टेडियम में भारत के पूर्व क्रिकेटर दिलिप सरदेसाई, एकनाथ सोलकर और डायना एडल्जी के नाम 3 दरवाजों के नाम भी रखे जाएंगे। एडल्जी ने 1978 और 1993 के विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में भारत की कप्तानी की थी।
रवि शास्त्री का मुंबई क्रिकेट से बहुत पुराना और गहरा रिश्ता रहा। उन्होंने न केवल भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया, बल्कि घरेलू क्रिकेट में मुंबई की टीम की कप्तानी भी की। MCA के अधिकारियों का कहना है कि शास्त्री ने एक खिलाड़ी, कप्तान और बाद में भारतीय टीम के कोच के रूप में क्रिकेट जगत में जो योगदान दिया, उसे देखते हुए ही यह फैसला लिया गया है।
शास्त्री के नाम पर स्टैंड रखने की एक खास वजह वानखेड़े का वह ऐतिहासिक मैच भी है, जिसमें उन्होंने बड़ौदा के खिलाफ एक ही ओवर में 6 छक्के जड़े थे। यह कारनामा करने वाले वह पहले भारतीय बल्लेबाज बने थे। इसके अलावा, 1985 की वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ क्रिकेट में उन्हें ‘चैंपियन ऑफ चैंपियंस’ चुना गया था, जिसके लिए उन्हें मशहूर ऑडी कार भी मिली थी। तब टीम इंडिया ने खिताब भी जीता था।
खिलाड़ी के तौर पर रिटायर होने के बाद रवि शास्त्री ने कमेंट्री की दुनिया में अपनी आवाज का जादू चलाया। इसके बाद, भारतीय टीम के हेड कोच के रूप में उन्होंने टीम इंडिया को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उनके कार्यकाल में ही भारत ने ऑस्ट्रेलिया में लगातार दो बार टेस्ट सीरीज जीतकर इतिहास रचा था।
