RBI का आम आदमी को बड़ा तोहफा, रेपो रेट में कटौती का ऐलान, कम होगी लोन की EMI
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने आज शुक्रवार को रेपो रेट में 0.25 फीसदी की कटौती का एलान किया है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने रेपो रेट में 0.25% की कटौती करके आम आदमी को राहत दी है। गवर्नर संजय मल्होत्रा की अगुवाई वाली MPC ने रेपो रेट 25 बीपीएस घटाकर 5.25% किया है। इस फैसले से होम लोन और अन्य लोन की EMI कम होने की संभावना है, जिससे लोगों पर वित्तीय बोझ कम होगा। रेपो रेट में कटौती से अर्थव्यवस्था में भी सकारात्मक असर देखने को मिलेगा, क्योंकि लोन सस्ते होने से मांग बढ़ेगी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। रेपो रेट में कटौती का फैसला RBI की मॉनिटरी पॉलिसी कमेटी की 3 से 5 दिसंबर तक चली बैठक में लिया गया। 2025 में ये चौथी बार है, जब रेपो रेट घटाई गई है।
RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने रेपो रेट में कटौती के फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा, “MPC (मॉनिटरी पॉलिसी कमेटी) ने पॉलिसी रेपो रेट को तुरंत प्रभाव से 25 बेसिस पॉइंट्स घटाकर 5.25% करने के लिए एकमत से वोट किया।” रेपो रेट घटने से आम आदमी को बड़ी राहत मिलेगी। इससे EMI, होम लोन की ब्याज दर, पर्सनल लोन और कार लोन पर सीधा असर पड़ेगा।
इससे पहले RBI इस साल रेपो रेट में अबतक 3 बार कटौती कर चुका है। सबसे पहले फरवरी 2025 में रेपो रेट 25 बेसिस प्वाइंट घटाई गई थी। 5 सालों बाद ये पहली राहत थी। इसके बाद रेपो रेट 6.25% हो गई थी। वहीं, अप्रैल महीने में रेपो रेट में फिर बदलाव हुआ था। इसमें 25 बेसिस प्वाइंट की और कटौती की गई। फिर जून में भी केंद्रीय बैंक ने अप्रत्याशित रूप से इसमें 50 बेसिस प्वाइंट की कटौती की थी। इससे रेपो रेट घटकर 5.5% आ गई थी। अब 25 बेसिस प्वाइंट की कटौती के बाद रेपो रेट 5.25% कर दी गई है।
