हरियाणा में मानसून लगातार एक्टिव है। चंडीगढ़ मौसम विभाग ने दोपहर बाद के बुलेटिन में 6 जिलों को लेकर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल को ऑरेंज अलर्ट पर रखा हुआ है। इन जिलों में भी 115.6 से 204.0 MM बारिश होने की आशंका जताई है।
भारी बारिश के कारण पंचकूला के पिंजौर में पहाड़ का मलबा गिरने से तलहटी में बना मकान ढह गया और एक युवक व उसके भांजे की मौत हो गई। वहीं मलबे में दबी पांच साल की छोटी बच्ची की भी मौत हो गई। तीनों अपने मकान में बैठकर खाना खा रहे थे।
स्थानीय लोगों ने मलबे को हटाना शुरू किया और सूचना पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी गई। रेस्क्यू के नाम पर फायर ब्रिगेड के तीन और पुलिस के दो कर्मचारी पहुंचे। इसको लेकर लोगों में प्रशासन के खिलाफ खासा गुस्सा है। उधर पंचकूला की डीसी प्रियंका सोनी ने बुधवार तक स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।
खतरे के निशान पर पहुंची घग्गर
हरियाणा के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण घग्गर नदी खतरे के निशान पर पहुंच गई है। इसको देखते हुए घग्गर नदी के साथ लगते इलाकों को खाली करवाया जा चुका है।
यमुना का भी बढ़ा जलस्तर
इसके अलावा, यमुनानगर में भी यमुना नदी के जल स्तर को देखते हुए इलाकों को खाली करवाने की प्रक्रिया अमल में लाई जा चुकी है। जिला प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। SDRF और NDRF टीमों के साथ सभी स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं।