पश्चिम बंगाल के 15 बूथों पर दोबारा वोटिंग जारी, डायमंड हार्बर में ईवीएम में खराबी का दावा
पश्चिम बंगाल में डायमंड हार्बर के 4 और मगरहाट पश्चिम के 11 बूथों पर शनिवार सुबह 7 बजे से दोबारा मतदान जारी है। वोटिंग शाम 6 बजे तक होगी। डायमंड हार्बर के रॉयनगर प्राइमरी स्कूल में बूथ नंबर 243 पर एक वोटर ने शिकायत में कहा- यहां पर ईवीएम खराब है, हम आधे घंटे से ज्यादा समय से वोट डालने का इंतजार कर रहे हैं।
सुबह 9 बजे तक मगरहाट में 16.68%, डायमंड हार्बर में 15.83% वोटिंग हुई है। दरअसल, 29 अप्रैल को इन बूथों पर दूसरे फेज की वोटिंग के दौरान EVM से छेड़छाड़ और झड़प की शिकायत मिली थी। इसके चलते दोबारा वोटिंग का फैसला लिया गया। ये सभी बूथ दक्षिण 24 परगना जिले में आते हैं। वहीं, TMC ने कोलकाता खुदीराम अनुशीलन केंद्र के रिटर्निंग ऑफिसर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी का दावा है कि पोस्टल बैलेट कवर से छेड़छाड़ हुई है। राज्य की सभी 294 सीटों पर रिकॉर्ड 92.84% वोटिंग हुई। 23 अप्रैल को फर्स्ट फेज की 152 सीटों पर 93.19% मतदान हुआ था। 29 अप्रैल को सेकेंड फेज की 142 सीटों पर 92.48% वोट पड़े। रिजल्ट 4 मई को आएंगे।
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना के मगराहाट से भाजपा उम्मीदवार गौरसुंदर घोष ने कहा कि यहां 11 बूथों में फिर से मतदान हो रहा है। हमें विश्वास है कि हम जीतेंगे। मतदान अच्छे से चल रहा है।
तृणमूल कांग्रेस नेता शशि पांजा ने कोलकाता के नेताजी सुभाष इंडोर स्टेडियम में बने ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम का दौरा किया। वे वहां सुरक्षा व्यवस्था और मशीनों के रख-रखाव का जायजा लेने पहुंची थीं। 4 मई को होने वाली मतगणना से पहले राजनीतिक दलों के नेता लगातार स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी कर रहे हैं ताकि प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव पर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा है कि इस बार मतदान का प्रतिशत बहुत अधिक रहा है। राज्य की 30% आबादी मुस्लिम है और मुस्लिम बहुल बूथों पर हमेशा अधिक मतदान होता है, लेकिन इस बार का बढ़ा हुआ प्रतिशत यह दर्शाता है कि हिंदू वोट शेयर में भी बढ़ोतरी हुई है।
