बिहार के मोतिहारी में ईंट भट्टे की चिमनी में ब्लास्ट से अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। 16 से ज्यादा लोग घायल हैं। जिनका इलाज चल रहा है। रातभर से चला रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म हो गया है। पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए 2-2 लाख के मुआवजे का ऐलान किया है।
बताया जा रहा है कि इस सीजन में पहली बार चिमनी को शुरू किया गया था। चिमनी से निकलता धुआं देख सभी लोग खुश थे।अचानक से तेज धमाका हुआ। धुएं के प्रेशर की वजह से चिमनी के ऊपर का हिस्सा फट गया। जिसके मलबे की चपेट में आने से ये मौतें हुई हैं।
शुक्रवार देर रात कोहरा ज्यादा होने के कारण राहत और बचाव कार्य बंद करना पड़ा था। शनिवार को रेक्स्यू ऑपरेशन फिर से शुरू किया गया था।
हादसा जिले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र के चंपापुर नरीरगीर के पास शुक्रवार को हुआ। उसके नीचे दबने से 8 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में चिमनी मालिक की भी मौत हो गई। देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में 16 घायलों को निकाल कर अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हादसे पर पीएम मोदी ने भी दुख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की हैृ। इसके साथ ही मरने वालों के परिवार को PMNRF से 2 लाख रुपए और घायलों को भी 50 हजार की मदद का ऐलान किया है।