4 राज्यों में 5 विधानसभा उपचुनाव नतीजे: गुजरात के विसावदर में AAP,  केरल में कांग्रेस कैंडिडेट जीते, पंजाब में आप, बंगाल में TMC आगे

चार राज्यों की 5 विधानसभा सीटों के उपचुनाव की काउंटिंग जारी है। गुजरात की विसावदर सीट पर AAP कैंडिडेट गोपाल इटालिया 17554 वोटों से जीत गए हैं। उन्होंने भाजपा के कीर्ति पटेल को हराया। गुजरात की कडी सीट पर भाजपा के राजेंद्रकुमार (राजूभाई) दानेश्वर चावडा ने कांग्रेस कैंडिडेट रमेशभाई चावड़ा को 39452 वोटों से हराया है। केरल की नीलांबुर सीट पर कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के कैंडिडेट आर्यदान शौकत ने जीत दर्ज की है। उन्होंने CPI (M) उम्मीदवार एम. स्वराज को 11077 वोटों से हराया। उधर पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट पर आप उम्मीदवार आगे है। पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर TMC आगे चल रही है है। पांचों सीटों पर 19 जून को वोटिंग हुई थी। पंजाब की लुधियाना वेस्ट आम आदमी पार्टी (AAP) के पास थी। लुधियाना वेस्ट से AAP ने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को कैंडिडेट बनाया है। अरोड़ा विधायक बनते हैं तो उन्हें राज्यसभा सीट छोड़नी होगी, जिससे यह सीट खाली हो जाएगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि AAP अरविंद केजरीवाल को पंजाब से राज्यसभा भेज सकती है। पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट पर AAP कैंडिडेट संजीव अरोड़ा 13 राउंड की वोटिंग तक 10 हजार वोटों से आगे हैं। आखिरी राउंड की काउंटिंग जारी है।

गुजरात: यहां भाजपा की सरकार है। भूपेंद्र पटेल CM हैं। कुल विधानसभा सीटें 182 हैं। भाजपा के पास 161 विधायक हैं, कांग्रेस के पास 12 और AAP के पास चार हैं। जबकि एक सीट समाजवादी पार्टी और दो निर्दलीय के पास है।

पश्चिम बंगाल: राज्य में तृणमूल कांग्रेस की सरकार है। ममता बनर्जी CM हैं। कुल विधानसभा की 294 सीटें हैं। TMC के पास 215 विधायक हैं। भाजपा के पास 77 सीटें हैं। कांग्रेस का कोई भी विधायक नहीं है।

पंजाब: यहां आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार है। भगवंत मान CM हैं। कुल विधानसभा सीटें 117 हैं। AAP के पास 91 सीटें हैं। कांग्रेस के पास 18 सीट, शिरोमणि अकाली दल (SAD) के पास 3 सीट, BSP के पास 1 और BJP के पास 2 सीटे हैं। एक विधायक निर्दलीय है।

केरल: यहां लेफ्ट डेमोक्रेटिक फंट (LDF) की सरकार है। पिनाराई विजयन CM हैं। कुल विधानसभा सीटें 140 हैं। LDF के पास 98 सीटें हैं। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के पास 41 सीटें हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *