रायपुर में रिटायर्ड-DSP के बेटे-बहू ने बुजुर्गों को पीटा… लाठी-डंडे से पिटाई, कोर्ट के आदेश के बाद FIR

क्षेत्रीय

छत्तीसगढ़ :  रायपुर में रिटायर्ड DSP के बेटे-बहू ने बुजुर्गों की लात-घूंसों और लाठी से पिटाई कर दी है। ये बुजुर्ग रिश्ते में उनके चाचा-चाची हैं। मामला कोतवाली थाना इलाके का है। आरोप है कि, रिटायर्ड DSP ने अपने बेटे-बहू के साथ मिलकर अपने छोटे भाई के खिलाफ पारिवारिक विवाद में साजिश रची। फिर बहू-बेटे से बुजुर्ग दंपती पर हमला करवाया। इस वारदात में DSP का 14 साल का नाबालिग पोता भी शामिल था। जो चाकू लाते हुए दिखाई दे रहा है। इस पूरे कांड का CCTV वीडियो भी सामने आया है। जिसमें आरोपी बेरहमी से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पीड़ित दंपती का कहना है कि कोतवाली पुलिस ने पहले तो FIR दर्ज नहीं की। जब पीड़ित ने कोर्ट में गुहार लगाई तब कोर्ट से FIR का आदेश दिया गया।

पीड़ित शिव शंकर प्रसाद (62 साल) ने बताया कि, वह विद्यानगर कालीबाड़ी चौक के पास का रहने वाला है। उसी घर के पहले फ्लोर पर बड़े भाई सूरज प्रसाद जेठवंत (रिटायर्ड डीएसपी) का परिवार रहता है। 23 सितंबर की शाम को पारिवारिक विवाद को लेकर बहस हुई थी। इसके बाद रिटायर्ड DSP के बेटे हरिंद्र प्रसाद जेठवंत और उसकी पत्नी दिव्या जेठवंत ने मेरे और मेरी पत्नी उर्मिला के साथ गाली-गलौज की और मारपीट करने लगे। इस दौरान आरोपियों ने दोनों बुजुर्ग पति-पत्नी को लात घूसों से पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद शिव शंकर प्रसाद की पत्नी का बाल पकड़कर जमीन पर घसीटते हुए मारने लगे। वहीं एक आरोपी ने डंडे से शिव शंकर पर हमला कर दिया। इस मारपीट में महिला को पेट और सीने पर तो व्यक्ति को सिर, कंधे और पीठ पर चोट आई है।