मध्यप्रदेश : ग्वालियर में बिजली के तार डालने को लेकर हुए मामूली विवाद पर रिटायर्ड जवान ने अपने अन्य तीन लोगों के साथ मिलकर पड़ोस में रहने वाले तीन लोगों को गोली मार दी। इस गोली कांड में एक महिला और दो पुरुष घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां दोनों पुरुषों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने फरार आरोपियों में से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस ने मुख्य आरोपी रिटायर्ड जवान सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घायलों के परिजनों का कहना है कि गोली मारने वाला आर्मी से रिटायर्ड जवान है और उसके पिता एक साथी रंजीत बाल्मिक और अन्य साथी ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। तभी पुलिस ने एक टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए घेरा बंदी की, जिसमें एक आरोपी रणजीत बाल्मिक पुलिस के हाथ लग गया। जबकि रिटायर्ड आर्मी का जवान यशवीर उसके पिता और एक अन्य साथी फरार हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों पड़ोसियों में एक दिन पहले बिजली के खंभे पर तार डालने को लेकर विवाद हुआ था और वही इस गोलीकांड का कारण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार रिटायर्ड आर्मी का जवान और उसके पिता सहित एक अन्य साथी की पुलिस तलाश में जुट गई है।