राजस्व मंत्री बोले-सांप की तरह बैठकर कुर्सियां मत तोड़ो, रायपुर तहसील के अधिकारियों को लगाई फटकार
छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने रायपुर तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शिकायत मिलने पर राजस्व मंत्री भड़क गए। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि ‘जनता की सेवा के लिए बैठे हो, कुर्सियां तोड़ने के लिए नहीं।’ राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि अधिकारी ‘सांप की तरह बैठे’ रहते हैं और लोगों की समस्याओं का समय पर निराकरण नहीं करते। वहीं, इस सख्ती के बाद अधिकारी तुरंत महिला की शिकायत के समाधान में जुट गए। वहीं अब अधिकारियों को फटकारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पोस्ट किया कि कथित ‘सुशासन तिहार’ में पूरा मंत्रिमंडल नाटक कर रहा है। अधिकारियों को गाली देकर आप जनता को बहला नहीं सकते। जनता को रिजल्ट चाहिए, रील नहीं। सोमवार को राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने रायपुर तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय का जायजा लिया और आम लोगों से उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान महिला ने मंत्री को बताया कि वह पिछले एक महीने से अपनी रजिस्ट्री की कॉपी में सुधार कराने के लिए तहसील कार्यालय के चक्कर लगा रही है, लेकिन अब तक उसकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। महिला ने बताया कि ऑनलाइन रिकॉर्ड में उसके घर का नाम किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर दर्ज है। रिकॉर्ड सुधार के लिए वह लगातार पटवारी और अधिकारियों के पास जा रही है, लेकिन उसे केवल आश्वासन देकर टाल दिया जा रहा है।
महिला ने यह भी बताया कि उसके ससुर बीमार हैं और कार्यालय आने की स्थिति में नहीं हैं, इसके बावजूद उसे बार-बार दफ्तर बुलाया जा रहा है। महिला की बात सुनकर मंत्री नाराज हो गए और मौके पर मौजूद अधिकारियों से जवाब-तलब किया।
हफ्ते भर पहले रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा में सुशासन तिहार के तहत समाधान शिविर लगाया गया था। इस दौरान राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने मंच से ही बिलाड़ी के पटवारी को एक घंटे के भीतर सस्पेंड करने के आदेश दे दिए।
ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि एक छोटे किसान को कई दिनों तक दफ्तरों के चक्कर लगवाए गए। उसकी जमीन को रिकॉर्ड में ‘निरंक’ दिखा दिया गया। शिकायत सुनते ही मंत्री ने नाराजगी जताई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके पहले आरंग में सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी अफसर को फटकार लगा चुके हैं।
