CG : अमित बघेल पर 5 हजार इनाम की घोषणा, हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के विरोध में कैविएट दाखिल
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल पर रायपुर पुलिस ने 5,000 रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस अमित बघेल की तलाश में लगातार कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक बघेल लगातार ठिकाने बदल रहे हैं और अपने परिचितों के घरों में छिपकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहे हैं। रायपुर पुलिस की कई टीमें पिछले कुछ दिनों से सक्रिय हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अमित बघेल को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अमित बघेल जल्द ही हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर कर सकते हैं। इस संभावना को देखते हुए रायपुर पुलिस ने हाईकोर्ट में कैविएट दाखिल किया है, ताकि अगर अमित बघेल कोई भी राहत याचिका दायर करें, तो कोर्ट निर्णय लेने से पहले राज्य का पक्ष भी सुने।
अमित बघेल की तलाश में 9 अक्टूबर को पुलिस ने उनके करीबी सहयोगियों शिवेंद्र वर्मा (निवासी सड्डू) और अजय यादव (धरमनगर टिकरापारा) के घर पर छापा मारा था। पूछताछ के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। इसके अलावा बघेल की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें राज्य से बाहर अन्य संभावित स्थानों पर भी रवाना की गई हैं।
27 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ने के विवाद के बाद अमित बघेल ने सार्वजनिक रूप से अग्रसेन महाराज और सिंधी समाज के ईष्ट देवता झूलेलाल जी के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस बयान के बाद अग्रवाल समाज और सिंधी समाज ने पूरे प्रदेश और देशभर में विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद बघेल के खिलाफ रायपुर, दुर्ग, धमतरी, इंदौर, ग्वालियर, नोएडा, महाराष्ट्र और प्रयागराज समेत कई जगहों पर FIR दर्ज की गई।
