क्रिकेटर रिंकू सिंह ने भगवान का AI VIDEO शेयर किया, हनुमानजी को गाड़ी चलाते दिखाया, करणी सेना ने शिकायत दर्ज कराई
क्रिकेटर रिंकू सिंह फेसबुक पर भगवान का AI वीडियो शेयर कर नए विवाद में घिर गए हैं। अलीगढ़ में करणी सेना ने रिंकू के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। दरअसल, रिंकू सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक ऐसा वीडियो शेयर किया था जिसमें हनुमान जी काला चश्मा पहनकर SUV कार चला रहे हैं. इस वीडियो में वहीं भगवान शिव भी काला चश्मा पहनकर कार की पीछे की सीट में बैठे हुए हैं. इनके अलावा इस वीडियो में भगवान विष्णु और गणेश भी इसी अंदाज में बैठे हुए हैं और बैकग्राउंड में अंग्रेजी गाने बज रहे हैं. इस वीडियो में रिंकू सिंह पहले चौके-छक्के जड़ते दिख रहे हैं. वीडियो के कैप्शन में लिखा है- तुम्हें क्रिकेटर किसने बनाया? और फिर अगली फुटेज में भगवानों का यह अंग्रेजी अवतार साझा किया गया है, जिस पर कई लोगों को आपत्ति है.
इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की राय भी बंटी हुई है. कइयों का कहना है कि रिंकू के इरादे गलत नहीं थे और इस वीडियो में कुछ गलत नहीं है. हालांकि कुछ लोग इसे धार्मिक भावना के खिलाफ मान रहे हैं. वीडियो वायरल होते करणी सेना भी भड़क गई. उसके जिलाध्यक्ष सुमित तोमर ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अलीगढ़ के सासनी गेट थाने में पहुंचकर रिंकू के खिलाफ तहरीर दी.
शिकायत दर्ज कराने के बाद सुमित तोमर ने कहा कि रिंकू ने अपनी IPL टीम के मालिक शाहरुख खान की तरह ‘जिहादी’ मानसिकता दिखाई है. उन्होंने कहा, ‘यह सनातन धर्म का अपमान है. हमारे भगवान को काला चश्मा पहनाकर थार में घुमाना और अंग्रेजी गानों पर थिरकते दिखाना आस्था के साथ खिलवाड़ है. करणी सेना इसे बर्दाश्त नहीं करेगी. रिंकू को सार्वजनिक रूप से हाथ जोड़कर सनातन धर्म माफी मांगनी होगी. प्रशासन को भी उनके खिलाफ इस कृत्य के लिए तुरंत एफआईआर दर्ज कर कार्रावई शुरू करनी चाहिए. अगर ऐसा नहीं हुआ तो करणी सेना सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी.’
इस संबंध में सासनी गेट थाना प्रभारी ने कहा, ‘करणी सेना ने तहरीर दी है. इस मामले की जांच की जाएगी. वीडियो की सत्यता और पोस्ट करने वाले की पड़ताल के बाद ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी.’
रिंकू सिंह न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू हो रही 5 मैचों की टी20 सीरीज के बाद आगामी टी20 वर्ल्ड कप टीम का भी हिस्सा हैं. वह भारतीय टीम में मैच फिनिशर के तौर पर निचले क्रम में बैटिंग के लिए जाने जाते हैं. उनकी धुआंदार बैटिंग की भारतीय टीम को निचले क्रम में जरूरत होती है.
