फतेहपुर : भीषण सड़क हादसा, महाकुंभ से लौट रही कार ने खड़ी बस में मारी टक्कर.. महिला की मौत

राष्ट्रीय

उत्तर प्रदेश : फतेहपुर जिले में आज बुधवार की सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को गोपालगंज सीएचसी पहुंचाया जहां से सभी की नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। हादसा तेज रफ्तार चल रही बस के पीछे से क्रूजर के टकराने से हुआ। महाकुंभ मेला से लौटने के दौरान हादसा हुआ है। क्रूजर में सवार सभी लोग महाराष्ट्र और कर्नाटक के बताए जा रहे हैं। प्रयागराज महाकुंभ से स्नान के बाद सभी लोग वापस घर लौट रहे थे। घटना कल्यानपुर थाना क्षेत्र के प्रयागराज-कानपुर हाइवे पर अहिरन खेड़ा मोड़ के पास एक ढाबे के सामने हुई। इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें घटना की भयावहता दिख रही है। तेज रफ्तार क्रूजर रास्ते के किनारे खड़ी बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस आगे की तरफ बढ़ती चली गई। वहीं, कार से धुआं निकलने लगा। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय थाना पुलिस ने सभी घायलों को आनन-फानन गोपालगंज सीएचसी पहुंचाया जहां से नाजुक हालत को देखकर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।