बच्चों की तरह जमीन पर लोटपोट करने लगा रोबोट, VIDEO देख आप भी नहीं रोक पाएंगे हंसी
जिस तरह छोटे बच्चे जिद में जमीन पर लोटपोट करने लगते हैं, कुछ वैसा ही नजारा बीजिंग में 2026 वर्ल्ड रोबोट कॉन्फ्रेंस में दिखा. एक ह्यूमनॉइड रोबोट तकनीकी गड़बड़ी के बाद अचानक जमीन पर गिर पड़ा और फिर हाथ-पैर तेजी से चलाने लगा. रूटीन डेमो के दौरान उसका रिमोट कंट्रोल कनेक्शन फेल होने की बात कही गई. इसके बाद रोबोट पीठ के बल गिरा और एग्जिबिशन फ्लोर पर हाथ-पैर बेकाबू ढंग से चलाने लगा, जबकि रोबो इंजीनियर और तकनीशियन उसे काबू में करने की कोशिश करते रहे.
इवेंट से सामने आए वीडियो में मशीन बार-बार झटके खाती और छटपटाती दिखी. उसके मूवमेंट ऐसे लग रहे थे मानो उसे दौरा पड़ा हो. इसी वजह से सामान्य टेक्नोलॉजी डेमो देखते ही देखते कॉन्फ्रेंस के सबसे ज्यादा चर्चा वाले पलों में बदल गया.
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं. एक यूजर ने रोबोट की हरकतों की तुलना गुस्से में जमीन पर लोटते बच्चे से कर दी. दूसरे ने सवाल उठाया कि अगर रिमोट कनेक्शन फेल हो जाए तो रोबोट को तुरंत बंद करने का सिस्टम क्यों नहीं था.
‘Demon possessed’ robot suffers seizure as remote control fails pic.twitter.com/7nKJMz5zcW
— RT (@RT_com) August 20, 2026
बीजिंग में हो रही इस कॉन्फ्रेंस में दुनिया के सामने रोबोटिक्स की नई तकनीक पेश की जा रही है. आयोजकों के मुताबिक, पांच दिन के इस कार्यक्रम में करीब 3,000 रोबोटिक प्रोडक्ट्स प्रदर्शित किए जा रहे हैं.
कॉन्फ्रेंस में ह्यूमनॉइड और इंडस्ट्रियल रोबोट अलग-अलग काम करते दिखे. कुछ रोबोट बॉक्सिंग और डांस कर रहे हैं, जबकि कुछ टेबल टेनिस खेलने और फैक्ट्री में सामान पहुंचाने जैसे कामों का प्रदर्शन कर रहे हैं.
चीन अब ह्यूमनॉइड रोबोट को सिर्फ प्रदर्शन तक सीमित रखने के बजाय फैक्ट्रियों और रोजमर्रा के कामों में इस्तेमाल करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. ऐसे में इस तरह की तकनीकी गड़बड़ियां रोबोट की सुरक्षा और भरोसेमंद संचालन के लिए एक अहम चुनौती भी दिखाती हैं.
