1 करोड़ की रोलेक्स? मेयर रितु तावड़े ने अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी, कहा – ‘मुझे ब्रांड नहीं, मुंबई की फिक्र’

मुंबई की नई मेयर रितु तावड़े इन दिनों एक घड़ी को लेकर सोशल मीडिया पर उठे विवाद के बीच चर्चा में हैं। इस घड़ी को कुछ लोगों ने लग्ज़री ब्रांड से बताते हुए सवाल उठाए। जिस पर मेयर ने शुक्रवार को सफाई देते हुए कहा कि यह उनके बच्चों द्वारा जन्मदिन पर दिया गया एक साधारण तोहफा है। उन्होंने साफ कहा कि उनका ध्यान ब्रांड या किसी दिखावे पर नहीं, बल्कि केवल मुंबईकरों की सेवा पर है। मेयर रितु तावड़े ने कहा, “मुझे किसी भी ब्रांड में कोई दिलचस्पी नहीं है – चाहे वह घड़ी हो, साड़ी हो या कोई सजावटी सामान। मैं बस एक ही यह बात जानती हूं कि मैं बस मुंबईकरों की सेवा करना चाहती हूं। यह एक बहुत ही साधारण घड़ी है, जो मेरे बच्चों ने मेरे जन्मदिन पर मुझे तोहफे में दी थी। मुझे तो यह भी नहीं पता था कि यह किस कंपनी की है।”

मेयर ने आगे बताया कि उन्होंने बाद में अपनी बेटी से घड़ी के ब्रांड के बारे में पूछा, तब जाकर उन्हें ब्रांड का नाम पता चला। उन्होंने कहा, “मैंने अपनी बेटी से पूछा कि यह घड़ी किस ब्रांड की है, उसने बताया कि यह माइकल कोर्स ब्रांड की घड़ी है, जिसकी कीमत करीब 15 से 16 हजार रुपये है। इसलिए मुझे यह नहीं पता कि लोग किस ब्रांड को लेकर कल से बात कर रहे हैं।”

रितु तावड़े ने दोहराया कि वह दिखावे और ब्रांडेड चीजों को ज्यादा अहमियत नहीं देती हैं। वे अपनी जिम्मेदारियों और सार्वजनिक सेवा के प्रति समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य केवल मुंबई और यहां के नागरिकों के हितों के लिए काम करना है। यह बयान तब सामने आया है जब सोशल मीडिया पर उनकी घड़ी को लेकर तरह-तरह की अटकलें और चर्चाएं हो रही थीं। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने आरोप लगाया कि यह घड़ी एक लग्जरी रोलेक्स वॉच है, जिसकी कीमत 1 करोड़ से अधिक की है। लेकिन उन्होंने इन सभी दावों को निराधार बताया है।