रायपुर कलेक्ट्रेट के रेकॉर्ड रूम की छत ढही.. बिल्डिंग की छत पर सोलर पैनल पड़ा भारी, मेंटेनेस भी नहीं..

छत्तीसगढ़ : रायपुर में करीब 100 साल से ज्यादा पुराने कलेक्ट्रेट के रेकॉर्ड रूम की छत रविवार सुबह अचानक भरभरा कर गिर गई। छत के ऊपर लगा सोलर पैनल भी नीचे गिर गया। गनीमत रही कि रविवार छुट्टी का दिन होने से यहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। छत गिरने से रेकॉर्ड रूम में रखे कई वर्ष पुराने सरकारी रेकॉर्ड और फाइलें मलबे में दब गईं। जैसे ही इसकी जानकारी अफसरों को लगी वह मौके पर पहुंचे और मलबे में दबी फाइलों को दूसरी जगह रखने की व्यवस्था की गई। रायपुर के कलेक्ट्रेट भवन का निर्माण अंग्रेजी शासनकाल के दौरान किया गया था। यह भवन अब जर्जर हो चुका है। इसके कई कक्षों की हालत खराब है। इसके कारण रविवार सुबह कक्ष क्रमांक-8 आंग्ल अभिलेख कोष्ठ रूम के ऊपर की छत भरभरा कर नीचे गिर गई।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि बिल्डिंग काफी पुरानी हो चुकी है। हम लोगों को पहले से ही अंदेशा था कि इसकी छत कमजोर है, इसलिए यहां से कर्मचारियों को दूसरे रूम में शिफ्ट करा दिया गया था। यहां सिर्फ फाइलें ही रखी थीं। इसके कारण किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है। जल्द ही नई बिल्डिंग बनाने का कार्य होगा। इसका डिजाइन भी तैयार हो रहा है। छत गिरने से कमरे में रखी पेंशन समेत अन्य महत्वपूर्ण फाइलें मलबे में दब गई। प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर फाइलों को दूसरी जगह शिफ्ट और मलबे को हटाने का काम शुरू किया।