एचसीएल (HCL) ग्रुप के संस्थापक शिव नाडार ने हाल ही में बेटी रोशनी नाडार मल्होत्रा को कंपनी की 47% हिस्सेदारी ट्रांसफर की है। 3.13 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ रोशनी अब तीसरी सबसे अमीर भारतीय बन गई हैं। उनसे ज्यादा संपत्ति सिर्फ मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी के पास है। रोशनी से पहले उनके पिता शिव नाडार भारत के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति थे। उनके नेतृत्व वाली HCL टेक्नोलॉजी देश की तीसरी सबसे बड़ी IT कंपनी है। इसका मार्केट कैप 4.20 लाख करोड़ रुपए है। इसमें अब आधी से ज्यादा हिस्सेदारी शिव नाडार की बेटी के पास है। रोशनी ब्रिटेन की नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी से कम्युनिकेशन में ग्रेजुएट हैं। उन्होंने केलॉग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से MBA भी किया है। रोशनी ने ब्रिटेन में स्काई न्यूज में बतौर प्रोड्यूसर करिअर की शुरुआत की थी। रोशनी नाडार अब देश की सबसे अमीर महिला भी हैं। इस मामले में उन्होंने सावित्री जिंदल को पीछे छोड़ दिया है, जिनके पास 2.63 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है। जिंदल पांचवीं अमीर हस्ती हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स- इंडिया लिस्ट के मुताबिक, मुकेश अंबानी 7.7 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ सबसे अमीर भारतीय बने हुए हैं। दूसरे नंबर पर गौतम अडाणी की संपत्ति करीब 6 लाख करोड़ रुपए है। अमेरिका के साथ पार्टनरशिप में भूमिका रोशनी यूएस-इंडिया स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप फोरम के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल हैं। वे ‘द नेचर कंजर्वेंसी’ के ग्लोबल बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में भी शामिल हैं। इसके अलावा वे HDFC एसेट मैनेजमेंट कंपनी के बोर्ड में इंडिपेंडेंट डायरेक्टर भी हैं। रोशनी शिव नाडार फाउंडेशन की ट्रस्टी हैं। बिजनेस और समाज में योगदान के लिए उन्हें कई बार फॉर्च्यून इंडिया की सबसे शक्तिशाली महिलाओं की लिस्ट में शामिल किया जा चुका है।
IBM के 7 प्रोडक्ट्स का अधिग्रहण रोशनी 2009 में पिता की कंपनी HCL टेक्नोलॉजीज और HCL इन्फोसिस्टम्स की होल्डिंग कंपनी HCL कॉरपोरेशन में शामिल हुईं थीं। 2020 में HCL टेक की चेयरपर्सन बनीं। उनके नेतृत्व में HCL ने 13,740 करोड़ रुपए में IBM के 7 प्रोडक्ट्स का अधिग्रहण किया। यह HCL के इतिहास में सबसे बड़ा अधिग्रहण था।