पूरी दुनिया घुमाने वाला जहाज! 1 टिकट की कीमत में खरीद लेंगे छोटा-सा घर

अगर आप सपनों में भी पूरी दुनिया घूमने की कल्पना करते हैं तो एक ऐसा तरीका है जो आपको समंदर के रास्ते 130 दिनों में कई महाद्वीपों और दर्जनों देशों की सैर करवा देता है. वर्ल्ड क्रूज या अराउंड द वर्ल्ड क्रूज नाम से मशहूर ये सफर क्रूज शिप पर होता है, जहां आपका घर ही चलता फिरता है. अनपैकिंग सिर्फ एक बार करनी पड़ती है और हर दिन नई जगह, नया नजारा और नई संस्कृति देखने को मिलती है. कई क्रूज कंपनियां जैसे MSC Cruises, Princess Cruises, Holland America, Oceania और Silversea ऐसे लंबे वर्ल्ड क्रूज ऑफर करती हैं, जो आमतौर पर 120 से 140 दिनों के बीच होते हैं.

130 दिनों के वर्ल्ड क्रूज में आप 30 से 50 पोर्ट्स पर रुकते हैं, 25-35 देशों की सैर करते हैं और 6 महाद्वीपों को पार करते हैं. इसमें पनामा कैनाल का क्रॉसिंग, फ्रेंच पोलिनेशिया की खूबसूरत द्वीप, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, एशिया के कई देश जैसे इंडोनेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड, भारत, श्रीलंका, अफ्रीका के केप टाउन, यूरोप के कई शहर और अमेरिका के कई पोर्ट शामिल होते हैं. कई क्रूज में 7-10 ओवरनाइट स्टे भी होते हैं, जहां आप रात भर शहर एक्सप्लोर कर सकते हैं. यह सफर सिर्फ यात्रा नहीं, बल्कि एक फ्लोटिंग लग्जरी होटल का अनुभव है. क्रूज शिप पर कई रेस्टोरेंट, स्विमिंग पूल, स्पा, जिम, थिएटर, लाइव शो, कैसीनो, लाइब्रेरी और यहां तक कि क्लासेस भी चलती हैं. खाना, ड्रिंक्स (कुछ पैकेज में), इंटरनेट, लॉन्ड्री और ग्रेच्युटी सब शामिल होते हैं. दिन भर समंदर पर रिलैक्स करते हुए किताबें पढ़ना, सूर्यास्त देखना या नए दोस्त बनाना – यह सब शामिल है.

कई लोग इसे रिटायरमेंट का बेस्ट तरीका मानते हैं, जहां वे घरेलू कामों से दूर रहकर दुनिया देखते हैं. एक व्यक्ति के लिए बेसिक कैबिन (इंसाइड या ओशनव्यू) की कीमत 15,000 से 25,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 12-20 लाख रुपये) से शुरू होती है. लग्जरी या बालकनी/सूट में यह 60,000 से 1 लाख डॉलर (50 लाख से 80 लाख रुपये) तक जा सकती है. कुछ अल्ट्रा-लग्जरी क्रूज में यह 8 लाख डॉलर तक पहुंच जाती है. अब सोचिए, भारत में कई शहरों में एक छोटा-सा 1BHK फ्लैट या घर इतने में मिल जाता है. लेकिन यहां आपको 130 दिनों तक लग्जरी लाइफस्टाइल, खाना-पीना, ट्रैवल और अनगिनत यादें मिलती हैं. हर दिन के हिसाब से कीमत देखें तो यह 100-200 डॉलर प्रति दिन पड़ती है, जो एक अच्छे होटल से सस्ती है क्योंकि इसमें सब कुछ शामिल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *