छत्तीसगढ़ प्रवास पर आएंगे RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, 31 को अभनपुर में आयोजित हिंदू सम्मेलन में करेंगे शिरकत
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत अभनपुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सोनपैरी में 31 दिसम्बर को आयोजित हिन्दू सम्मेलन में भाग ले आ रहे हैं। इस सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सभी स्वयं सेवकों की ड्यूटी लगाई गई है। छत्तीसगढ़ के सर सह संघचालक एवं छत्तीसगढ़ मध्यप्रदेश प्रभारी डॉ. पुणेन्दु सक्सेना इस कार्यक्रम का निरीक्षण कर रहे हैं। यहां पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की आने की उम्मीद है, इसके लिए पंडाल सहित अन्य व्यवस्थाएं की जा रही है। आरएसएस अपने शताब्दी वर्ष के अवसर पर छत्तीसगढ़ सहित देशभर में हिंदू सम्मेलन आयोजित कर रहा है। इस अभियान की शुरुआत 11 दिसंबर से की गई है, जो मकर संक्रांति तक चलेगा। छत्तीसगढ़ में इस अवधि के दौरान करीब दो हजार स्थानों पर सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में आरएसएस के कुल 1601 मंडल कार्यरत हैं, जिनके अंतर्गत प्रदेश के 19 हजार से अधिक गांव आते हैं। प्रत्येक मंडल में 8 से 10 गांव शामिल किए गए हैं और अब हर मंडल स्तर पर हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही शहरी क्षेत्रों की 666 बस्तियों में भी ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं, ताकि समाज के हर वर्ग को जोड़ा जा सके।
