बिजनौर में RSS जिला कार्यवाह के घर हमला, तोड़फोड़ के बाद उपद्रवियों ने की लूटपाट…
बिजनौर के धामपुर में आरएसएस के जिला कार्यवाह के घर पर सामने रहने वाले दूसरे समुदाय के लोगों ने हमला कर दिया. हमले के बाद आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ भी की और आलमारी में रखे लाखों रुपये के जेवर भी चुरा ले गए. इस घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है. मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभालते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया है. वहीं घटना से नाराज हिंदू संगठन के लोगों ने संघ नेता के घर पर हमला करने वाले लोगों के घर में भी तोड़फोड़ का प्रयास किया लेकिन किसी तरह पुलिस ने संभाल लिया.
हमले को लेकर पड़ोसी का बयान आया है. उन्होंने कहा कि बिजनौर के पुराना धामपुर में आरएसएस के जिला कार्यवाह विपिन चौहान अपने परिवार के साथ रहते हैं. शनिवार सवेरे संघ नेता के घर के सामने रहने वाला सोहेब अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर सीढ़ी लगाकर उनके घर में चढ़ गया. पहले उसने मेरे घर में तोड़फोड़ की और उसके बाद आरएसएस के जिला कार्यवाहक विपिन चौहान के घर पर हमला किया. वहां रखे गमले तोड़ दिए. साथ ही उनके घर की अलमारी को तोड़कर उसमें रखे जेवरात और चार से पांच लाख रुपए भी लूट ले गए.
आरएसएस नेता ने आरोप लगाया है कि आरोपी तमंचे से फायर कर रहे थे. जिसके चलते उन्हें कमरे में बंद कर खुद की जान बचानी पड़ी. इधर घटना की सूचना लगते ही मौके पर बीजेपी और हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया. जिसके बाद दूसरे समुदाय के लोग अपने घरों को छोड़कर फरार हो गए.
इस दौरान गुस्साई हिंदू संगठन की भीड़ ने हमला करने वाले आरोपी सोहेब के घर पर भी घुसकर तोड़फोड़ की. हालांकि किसी तरह पुलिस ने लोगों को रोका. फिलहाल माहौल तनाव पूर्ण बना हुआ है. स्थिति को तनाव पूर्ण देखते हुए मौके पर पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है.
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. इसके बाद धामपुर विधायक अशोक राणा भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने पूरी स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने स्पष्ट कहा है कि हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ मोदी और योगी स्टाइल में ही कार्रवाई कराई जाएगी और उन्हें बख्शा नहीं जाएगा.
संघ के जिला कार्यवाह विपिन चौहान का आरोप है कि इस मोहल्ले में उनके दो ही हिंदूओं के मकान हैं. दूसरे समुदाय के लोग यह चाहते हैं कि वह भी यह मोहल्ला छोड़कर चले जाएं. इसलिए उन्होंने उन दोनों घरों पर हमले की घटना को अंजाम दिया है. ताकि हम डर जाए और यहां से चल जाए और उनका एक पक्ष मोहल्ले पर कब्जा हो जाए.
फिलहाल पुलिस ने घटना के बाद हमला करने वाले आरोपी सोहेब और उसके पिता सत्तार को हिरासत में ले लिया है. हमले में दोनों के साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे. इसकी जांच भी पुलिस कर रही है.
दूसरे समुदाय के लोगों का कहना है कि जिस सोहेब ने संघ नेता के घर पर हमला किया है वह दिमागी रूप से कमजोर है और पहले भी एक-दो घरों पर हमला कर चुका है. पुलिस भी इस मामले में इस बात को ध्यान में रखकर कार्रवाई की बात कर रही है. फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और लोगों की भीड़ घटनास्थल के साथ-साथ थाने में जमा है. बीजेपी-आरएसएस के कार्यकर्ता आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
